बरेली

चौपला पुल बंद होते ही सुभाषनगर पुलिया पर बढ़ा ट्रैफिक का दबाव, घंटों रेंगते रहे वाहन, जाम से बेहाल हुए लोग

चौपला पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद होते ही शहर का ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ाने लगा है। चौपला पुल बंद होने के कारण सुभाषनगर पुलिया पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे जाम की स्थिति बन रही है।

2 min read
May 13, 2026
सुभाषनगर पुलिया पर पुलिस ने लगाए बैरिकेड

बरेली।चौपला पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद होते ही शहर का ट्रैफिक सिस्टम लड़खड़ाने लगा है। चौपला पुल बंद होने के कारण सुभाषनगर पुलिया पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बदायूं रोड से शहर आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। अगले 45 दिनों तक लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना होगा और लंबा ट्रैफिक झेलना पड़ेगा।

एनएचएआई की ओर से चौपला पुल की मरम्मत का काम शुरू कराया गया है। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल रूट डायवर्जन लागू कर दिया। सुभाषनगर आने-जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। यहां केवल एंबुलेंस, स्कूल वाहन और स्थानीय लोगों के वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। बाकी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जा रहा है।

ये भी पढ़ें

चौपला पुल बंद होते ही सुभाषनगर पुलिया पर बढ़ा ट्रैफिक का दबाव, घंटों रेंगते रहे वाहन, जाम से बेहाल हुए लोग

रामगंगा तिराहे और बुखारा मोड़ पर बढ़ा ट्रैफिक दबाव

चौपला पुल बंद होने के बाद बदायूं की तरफ से शहर आने वाले वाहनों को रामगंगा तिराहे और बुखारा मोड़ से होकर निकाला जा रहा है। इससे इन मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ गया। दोपहिया वाहन चालक गलियों और कॉलोनियों के रास्ते निकलने को मजबूर दिखे, जबकि चारपहिया वाहन लंबे जाम में फंसे रहे। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से बदायूं जाने वाली रोडवेज बसों को भी चौकी चौराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे से होकर निकाला जा रहा है। वहीं करगैना, बीडीए कॉलोनी, सुभाषनगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए मढ़ीनाथ मंदिर, शांति विहार और सुभाषनगर चुंगी होकर वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

पहले दिन ही लोगों की बढ़ी मुश्किलें

पुल बंद होने के पहले ही दिन लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल वाहन और मरीज लेकर जा रही गाड़ियां भी ट्रैफिक में रेंगती नजर आईं। सुभाषनगर पुलिया और आसपास के इलाकों में बार-बार ट्रैफिक रुकने से लोगों में नाराजगी भी दिखी। एसपी ट्रैफिक अकमल खां ने बताया कि चौपला पुल की मरम्मत के चलते 45 दिनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि चौपला और बदायूं रोड की तरफ आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

ये भी पढ़ें

मंगलवार सुबह से बंद हो जाएगा चौपला पुल, अब ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों के लिए खोले ये वैकल्पिक रास्ते
Also Read
View All