
बरेली। अब मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने के लिए मतदान के दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे पहले ही मशीन पर खुद बटन दबाकर मतदान की पूरी प्रक्रिया सीख सकेंगे। इसके लिए बरेली में जिला प्रशासन ने ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीन लगाई गई हैं। यहां डमी प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न भी लगाए गए हैं। मतदाता इन मशीनों पर बिल्कुल मतदान की तरह अभ्यास कर सकेंगे। उन्हें बताया जा रहा है कि सबसे पहले कंट्रोल यूनिट से कमांड दी जाती है। इसके बाद बैलेट यूनिट पर पसंद के प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने वाला बटन दबाना होता है। वोट डालते ही उसकी पर्ची वीवीपैट मशीन में दिखाई देती है।
डेमोंस्ट्रेशन सेंटर के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह के सामने करीब 15 लोगों ने डमी वोट डालकर ईवीएम चलाने का अभ्यास किया। सभी ने खुद बटन दबाकर मतदान की प्रक्रिया समझी और संतुष्टि जताई। अभ्यास करने वाले लोगों ने अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने के साथ हस्ताक्षर भी किए। डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर ईवीएम के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यह व्यवस्था जिले की सभी छह तहसीलों के मुख्यालयों पर भी शुरू की गई है। इसका सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं और पहली बार वोट डालने जा रहे युवाओं को मिलेगा। खासकर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नए मतदाता मतदान से पहले ही मशीन चलाने का तरीका सीख सकेंगे।
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि कई बुजुर्ग महिलाएं और ऐसे मतदाता भी केंद्र पर पहुंच रहे हैं, जिन्हें ईवीएम से वोट डालने को लेकर जानकारी नहीं है या मन में भ्रम है। ऐसे लोगों को मशीन पर अभ्यास कराकर पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि कोई भी मतदाता मतदान के समय मशीन को लेकर परेशान न हो। इसके लिए रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय खुलने के दौरान डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर लोगों को ईवीएम चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर के जरिए प्रशासन मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इस पहल से लोगों को मतदान केंद्र पर होने वाली प्रक्रिया की पहले से जानकारी मिल सकेगी। मशीन का व्यावहारिक अनुभव मिलने से मतदान के दौरान होने वाली झिझक और तकनीकी उलझनें कम होने की उम्मीद है।