केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार बरेली की छात्रा मानवी पटेल ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर में टॉप किया।
बरेली।केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम बुधवार को घोषित होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार बरेली की छात्रा मानवी पटेल ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर में टॉप किया। मानवी की इस शानदार सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, जबकि स्कूल में शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
चिक्कर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा मानवी पटेल ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। वह रोज करीब नौ घंटे पढ़ाई करती थीं और टाइम मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देती थीं। मानवी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। मानवी ने बताया कि भविष्य में वह फैशन डिजाइनर बनना चाहती हैं। बचपन से ही उनकी रुचि डिजाइनिंग और रचनात्मक कार्यों में रही है। उनका सपना देश के फैशन इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने का है। स्कूल प्रबंधन ने मानवी की उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि उनकी सफलता दूसरे छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।
शहर के पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल 08वीं वाहिनी पीएसी की वाणिज्य वर्ग की छात्रा पलक अग्निहोत्री ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बीडीएम पब्लिक स्कूल के छात्र बादल तिवारी ने 85 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया।
सीबीएसई का परिणाम जारी होते ही छात्र-छात्राएं मोबाइल, लैपटॉप और डिजिलॉकर के जरिए अपना रिजल्ट देखने में जुट गए। कई स्कूलों में सुबह से ही हलचल रही। मेधावी छात्र खुशी-खुशी स्कूल पहुंचे और शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। शहर की सीबीएसई समन्वयक ममता सक्सेना ने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों से परीक्षा परिणाम का विवरण जुटाया जा रहा है। इस बार छात्रों का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है और कई विद्यार्थियों ने शानदार अंक हासिल किए हैं।