बरेली

बकरीद पर जाम से बचना है तो पढ़ लें ये खबर, बरेली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री

Bareilly बकरीद के मौके पर 28 मई को बरेली शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। नमाज और त्योहार के दौरान भीड़ व जाम से बचाने के लिए पुलिस ने सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है।
2 min read
May 26, 2026
Bareilly traffic advisory issued for Eid crowd management
बकरीद पर बदला ट्रैफिक रूट

बरेली। बकरीद के मौके पर 28 मई को बरेली शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। नमाज और त्योहार के दौरान भीड़ व जाम से बचाने के लिए पुलिस ने सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग रूटों के लिए डायवर्जन प्लान जारी करते हुए लोगों से संयम और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान के मुताबिक दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें बरेली शहर की तरफ आना है, उन्हें झुमका तिराहा, बड़े बाईपास विलवा, विलयधाम, नवदिया झादा और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर भेजा जाएगा। वहीं बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी बड़े बाईपास और विलयधाम के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। नो-एंट्री समय से पहले यानी सुबह 7 बजे से पूर्व वाहन कैंट और बुखारा होकर निकल सकेंगे।

रोडवेज बसों का भी बदला रूट

दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसों के लिए भी नया रूट तय किया गया है। ये बसें झुमका तिराहे से मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर और 100 फुटा पूर्वी मार्ग से होकर सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचेंगी और वापसी भी इसी रास्ते से होगी। वहीं बकरीद नमाज के दौरान चौकी चौराहा और मिनी बाईपास से दुल्हे मियां मजार की ओर सभी भारी वाहन और रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

स्टंटबाजी और रैश ड्राइविंग से बचें

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, स्टंटबाजी और रैश ड्राइविंग से बचने तथा प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Updated on:
26 May 2026 02:54 pm
Published on:
26 May 2026 02:53 pm