बरेली

BAREILLY NEWS : बैग में छिपा था जहरीला सांप, कपड़े निकालते ही युवक पर किया हमला, जिला अस्पताल में भर्ती

इज्जतनगर के गांव कुमरा में शनिवार सुबह एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे परिवार की सांसें रोक दीं। युवक जैसे ही नहाने के बाद बैग खोलकर कपड़े निकालने लगा, अंदर कुंडली मारकर बैठे सांप ने बिजली की रफ्तार से उसकी अंगुली में डस लिया।
2 min read
May 16, 2026
Young man admitted to district hospital after snake bite, snake seen in separate frame.
सांप के डसने के बाद अस्पताल में भर्ती युवक

बरेली। इज्जतनगर के गांव कुमरा में शनिवार सुबह एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने पूरे परिवार की सांसें रोक दीं। युवक जैसे ही नहाने के बाद बैग खोलकर कपड़े निकालने लगा, अंदर कुंडली मारकर बैठे सांप ने बिजली की रफ्तार से उसकी अंगुली में डस लिया। अचानक हुए इस हमले से युवक दर्द से चीख पड़ा और घर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में पूरा गांव घर के बाहर जमा हो गया।

गांव कुमरा निवासी 25 वर्षीय मनोज शनिवार सुबह रोज की तरह नहाने के बाद तैयार हो रहा था। बताया जा रहा है कि कमरे में रखा बैग कई घंटों से बंद पड़ा था। मनोज ने जैसे ही बैग की चेन खोली और कपड़े निकालने के लिए हाथ अंदर डाला, तभी अंदर छिपे सांप ने सीधे उसकी उंगली पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि मनोज को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

चीख सुनते ही दौड़े परिजन

सांप के डसते ही मनोज जोर-जोर से चीखने लगा। आवाज सुनते ही परिवार के लोग कमरे की तरफ भागे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मनोज दर्द से तड़प रहा था और बैग के पास सांप फन फैलाए बैठा था। घर में महिलाओं की चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बिना एक पल गंवाए युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया। काफी देर तक चले हंगामे और डर के माहौल के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से गांव से बाहर छोड़ा गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई। हर कोई यही चर्चा करता नजर आया कि आखिर सांप बैग के अंदर पहुंचा कैसे।

समय पर इलाज से बच गई जान

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि युवक को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने नहीं पाई। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। मनोज की बहन रोशनी ने बताया कि भाई ने जैसे ही बैग में हाथ डाला, सांप ने तुरंत काट लिया। परिवार घबरा गया था, लेकिन सभी ने तुरंत अस्पताल पहुंचाने का फैसला लिया। रोशनी ने कहा कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।