बरेली

दुल्हन प्रेमी संग फरार तो बहन से रिश्ता जोड़ा, निकाह से पहले उसका भी निकला अफेयर, फिर चलीं बारात में लाठियां

Bareilly News: बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय सनसनीखेज घटनाक्रम में बदल गया, जब निकाह से ठीक पहले दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई।
2 min read
Jun 07, 2026
up news
दुल्हन प्रेमी संग फरार

Bareilly News: बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय सनसनीखेज घटनाक्रम में बदल गया, जब निकाह से ठीक पहले दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिवारों ने किसी तरह रिश्ते की लाज बचाने के लिए उसकी छोटी बहन से निकाह कराने का फैसला किया, लेकिन बारात पहुंचने के बाद उसका भी प्रेम प्रसंग सामने आ गया। इसके बाद बारातघर में ऐसा बवाल मचा कि खुशियों की महफिल देखते ही देखते बवाल हो गया। लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चले और कई लोग घायल हो गए। अंत में बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

रात में प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, मच गया हड़कंप

बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती का निकाह पास के गांव के युवक से तय था। शनिवार को नरियावल स्थित बारातघर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच शुक्रवार रात युवती घर से जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई। सुबह होते ही परिवार में हड़कंप मच गया और मामला दूल्हा पक्ष तक पहुंच गया।

पंचायत बैठी, छोटी बहन से निकाह पर बनी सहमति

दुल्हन के फरार होने के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने घंटों पंचायत कर मामला सुलझाने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद दोनों परिवार इस बात पर राजी हो गए कि दुल्हन की छोटी बहन का निकाह दूल्हे से करा दिया जाए, ताकि रिश्ता और सामाजिक प्रतिष्ठा बची रहे।

निकाह से पहले खुला दूसरा राज, फिर भड़का विवाद

शनिवार को तय कार्यक्रम के अनुसार बारात नरियावल स्थित बारातघर पहुंच गई। निकाह की रस्म शुरू होने ही वाली थी कि किसी ने दूल्हा पक्ष को जानकारी दी कि छोटी बहन का भी किसी युवक से प्रेम संबंध है और वह भी यह शादी नहीं करना चाहती। यह बात सामने आते ही माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई और फिर विवाद हाथापाई में बदल गया।

बारातघर में चले लाठी-डंडे, ईंट-पत्थरों से मची अफरा-तफरी

देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बारातघर में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। शादी में शामिल होने आई दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट और चीख-पुकार से बारातघर में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस पहुंची, चार लोग हिरासत में

सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हंगामे के बाद शादी पूरी तरह रद्द हो गई और दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के वापस लौट गया।

क्या बोले थाना प्रभारी

एसओ बिथरी चैनपुर राजेश मिश्रा ने बताया कि जिस युवती का निकाह होना था, वह अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। बाद में उसकी बहन से निकाह की बात तय हुई, लेकिन उसका भी प्रेम प्रसंग सामने आने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में दो-तीन लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
07 Jun 2026 12:34 pm
Published on:
07 Jun 2026 12:34 pm