आंवला में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही परिवहन विभाग की टीम को ट्रक से कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने टीम के वाहन में जोरदार टक्कर मारकर कई किलोमीटर तक ट्रक को दौड़ाता रहा।
बरेली। आंवला में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही परिवहन विभाग की टीम को ट्रक से कुचलने की कोशिश करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने टीम के वाहन में जोरदार टक्कर मारकर कई किलोमीटर तक ट्रक को दौड़ाता रहा।
शुक्रवार सुबह परिवहन विभाग की संयुक्त प्रवर्तन टीम बरेली-बदायूं बॉर्डर के पास ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी रामनगर-आंवला मार्ग पर बिना नंबर प्लेट का एक भारी भरकम ट्रकनुमा वाहन आता दिखाई दिया, जिसमें क्षमता से कहीं ज्यादा रेत भरी हुई थी। टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने स्पीड बढ़ा दी।
प्रवर्तन टीम ने पीछा कर वाहन रोकने की कोशिश की तो चालक बेकाबू हो गया। आरोप है कि उसने सरकारी वाहन में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ सेकेंड की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही आंवला पुलिस सक्रिय हो गई। कई जगह नाकाबंदी की गई, लेकिन आरोपी चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए भाग निकला। इसके बाद पुलिस और प्रवर्तन टीम ने संयुक्त घेराबंदी की। काफी देर तक पीछा करने के बाद चालक को पकड़ लिया गया। वाहन भी कब्जे में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के सोनकपुर निवासी 23 वर्षीय रियाज के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट, धमकी और खनन से जुड़े मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी संपत्ति नुकसान, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि वाहन से जुड़े दस्तावेज और ओवरलोडिंग की भी जांच की जा रही है।