
Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली में 9वीं कक्षा की एक छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा एक कैफे में युवक के साथ मिली थी, जहां हंगामे के दौरान उसके फोटो और वीडियो बना लिए गए। बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। परिवार का कहना है कि इसी सदमे में छात्रा ने घर पहुंचकर फंदा लगाकर जान दे दी।
मामला बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा मंगलवार रात अपने घर में फंदे से लटकी मिली। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले छात्रा इज्जतनगर क्षेत्र के एक कैफे में गई थी, जहां उसके साथ मौजूद युवकों को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि कैफे में हुए हंगामे के दौरान छात्रा के फोटो और वीडियो बना लिए गए थे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। परिवार का आरोप है कि इसी घटना के बाद छात्रा मानसिक तनाव में रहने लगी और उसने यह कदम उठा लिया।
परिजनों ने शोएब और सलमान नाम के दो युवकों समेत कैफे संचालक और एक क्लीनिक संचालक पर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि छात्रा एक क्लीनिक में काम करती थी और वहीं से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने घटना को लेकर सही जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि जब छात्रा के बारे में पूछा गया तो उसे क्लीनिक पर बताया गया, जबकि वह कैफे में मौजूद थी।
परिवार के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद छात्रा काफी परेशान रहने लगी थी। वह लोगों से मिलने से बच रही थी और तनाव में थी। मंगलवार रात जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को शक हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा गया तो छात्रा फंदे से लटकी मिली। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने सलमान नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।