बरेली

कार बराबर में लगाकर दंपती को रोका: बोला- 10 हजार दूंगा, पत्नी को मेरे साथ भेज दो, विरोध पर दी धमकी

Bareilly: इज्जतनगर के 100 फुटा रोड पर पति और चार साल की बेटी के साथ जा रही महिला से अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले लगातार हॉर्न बजाकर बाइक रुकवाई।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
UP Crime
फोटो एआई

Bareilly News:इज्जतनगर के 100 फुटा रोड पर पति और चार साल की बेटी के साथ जा रही महिला से अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले लगातार हॉर्न बजाकर बाइक रुकवाई। इसके बाद महिला के पति से कहा कि 10 हजार रुपये ले लो और पत्नी को उसके साथ कार में भेज दो। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद राहगीरों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

संजयनगर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर की सुबह वह पति और चार वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बच्चे की दवा लेने जा रही थीं। बाइक पति चला रहे थे। 100 फुटा रोड पर पीछे से आए कार सवार युवक ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने कार बाइक के बराबर में लगाकर दंपती को रुकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उसने महिला के पति से पूछा, कितने रुपये लोगे? पति ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ जा रहा है और पूछा कि आखिर उसे क्या काम है।

10 हजार की बात सुनकर दंपती ने किया विरोध

महिला का आरोप है कि इसके बाद युवक ने 10 हजार रुपये देने की बात कहते हुए उसकी पत्नी को कार में अपने साथ भेजने को कहा। यह सुनकर पति-पत्नी ने कड़ा विरोध किया और वहां से बाइक लेकर आगे बढ़ने लगे। आरोप है कि विरोध से युवक भड़क गया। उसने दंपती से गाली-गलौज की और रुपये लेने की बात दोहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामला बढ़ता देख महिला ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

राहगीर जुटे तो पकड़ा गया कार सवार

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच दंपती ने राहगीरों की मदद से कार सवार युवक को पकड़वा दिया। पुलिस उसे इज्जतनगर थाने ले गई। महिला ने आरोपी की पहचान शोएब के रूप में बताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस घटना से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।