बरेली

डीएम ने अचानक कर दी छुट्टी, भटकते रहे बच्चे

अचानक सुबह जारी हुए इस आदेश का किसी को पता नहीं चल पाया जिससे तमाम शिक्षक और बच्चे स्कूल पहुंच गए।  
2 min read
Dec 19, 2017
DM Bareilly

बरेली। जिलाधिकारी ने बढ़ी ठंड को देखते हुए स्कूली बच्चों को राहत देने के लिए मंगलवार से तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया। अचानक सुबह जारी हुए इस आदेश का किसी को पता नहीं चल पाया जिससे तमाम शिक्षक और बच्चे स्कूल पहुंच गए। वहीं कालीबाड़ी के प्राथमिक विद्यालय में बच्चे तो पहुंचे लेकिन उन्हें ये बताने के लिए कि स्कूल में छुट्टी है कोई टीचर नहीं पहुंचा जिससे बच्चे कड़कड़ाती ठंड में स्कूल में ही मैडम के आने का इन्तजार करते रहे।


अचानक जारी हुआ आदेश

मंगलवार की सुबह जिलाधिकारी की तरफ से कक्षा एक से आठ तक के स्कूल में तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया। लेकिन लोगों को छुट्टी की जानकारी नहीं थी जिससे अभिभावकों ने अपने अपने बच्चों को स्कूल भेज दिया था। जिन स्कूल के शिक्षक स्कूल पहुंच गए थे उन्होंने तो अपने यहां के बच्चों को छुट्टी की सूचना देकर घर वापस भेज दिया लेकिन जिन स्कूल में टीचर नहीं पहुंचे वहां पर बच्चे शिक्षकों के आने का इन्तजार करते रहे। कालीबाड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय लोधी राजपूत में बच्चे तो पढ़ने आए थे लेकिन वहां पर तैनात दोनों टीचर स्कूल नहीं पहुंचीं जिससे बच्चों को छुट्टी की जानकारी नहीं हो पाई और बच्चे कड़कड़ाती ठंड में टीचर के आने का इन्तजार करते रहे। बच्चों ने बताया कि स्कूल में दो मैडम मीना कुमारी और ह्रदेश तैनात हैं लेकिन आज कोई स्कूल नहीं आई है और हमें छुट्टी की जानकारी नहीं है इस लिए मैडम का इन्तजार कर रहे हैं।


पड़ोसी ने दी छुट्टी की जानकारी

बच्चे करीब 10:45 बजे तक टीचर के आने के इन्तजार में इधर उधर भटकते रहे इस बीच पड़ोस के एक व्यापारी ने आकर बच्चों को सूचना दी कि स्कूल में तीन दिन की छुट्टी कर दी गई है जिसके बाद बच्चे अपने अपने घर चले गए। वहीं अचानक हुए इस फैसले से स्कूल में पढ़ाने वाली टीचर की लापरवाही भी सामने आई है अगर स्कूल में छुट्टी कर दी गई थी तो टीचर को स्कूल पहुंच कर बच्चों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

Updated on:
19 Dec 2017 12:41 pm
Published on:
19 Dec 2017 12:04 pm