Bareilly कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही पिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ही पिता को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कैंट थाना क्षेत्र के गांव कांधरपुर निवासी 55 वर्षीय काशीराम डेयरी का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार देर रात उनका छोटा बेटा अमित शराब पीकर घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। परिवार के लोगों ने विरोध किया तो वह उग्र हो गया। इसी दौरान पिता काशीराम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने लाठी उठाकर उन पर हमला कर दिया। परिवार के मुताबिक अमित पर उस समय इतना गुस्सा सवार था कि बीच-बचाव करने आई अपनी बहन को भी पीट दिया। घर के लोग चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी लगातार पिता को बेरहमी से पीटता रहा। मारपीट में काशीराम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी रेखा रानी ने बताया कि अमित की शादी करीब छह साल पहले चौबारी निवासी रूबी से हुई थी। करीब छह महीने पहले पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में परिवार के अन्य लोगों की जमानत हो गई थी, लेकिन अमित की जमानत नहीं कराई गई। इसी बात को लेकर वह परिवार से नाराज रहता था और आए दिन झगड़ा करता था। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश में उसने अपने पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।