बरेली

बदायूं में मौत बनकर टूटी आंधी, दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत

जिले में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि कई परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। बिसौली क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां अलग-अलग हादसों में दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
2 min read
May 13, 2026
Deadly storm in Badaun kills five, including two girls.
ट्रक के ऊपर गिरा पेड़

बदायूं। जिले में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि कई परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। बिसौली क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां अलग-अलग हादसों में दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। तेज हवा से हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली व्यवस्था ठप हो गई और कई सड़कों पर घंटों तक यातायात थमा रहा। आंधी का यह तांडव लोगों के लिए खौफनाक मंजर बन गया।

बिसौली तहसील क्षेत्र के गांव सिद्धपुर कैथोली की मढ़ैया में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गांव की कल्लो देवी अपनी बेटी नेहा के साथ उपले लेने गई थीं। उनके साथ गांव की नौ वर्षीय रजनी और 10 वर्षीय मौसमी भी थीं। अचानक तेज आंधी और बादलों की गर्जना शुरू हुई तो सभी पास के एक छप्पर के नीचे छिप गए। तभी तेज हवा के दबाव से छप्पर के सहारे वाली दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में रजनी और मौसमी पूरी तरह मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक रजनी की मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई मौसमी ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। वहीं बिल्सी मार्ग पर भी आंधी जानलेवा साबित हुई। बुलंदशहर के नगला भोपत निवासी डंपर चालक योगेश बजरी लेकर जा रहे थे। सोत पुल निर्माण के पास अचानक यूकेलिप्टस का विशाल पेड़ डंपर पर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।

नलकूप की कोठरी बनी कब्र

फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव तरक परौली में खेत पर काम कर रहे लोग आंधी से बचने के लिए नलकूप की कोठरी में जा छिपे। तभी पास का पेड़ जड़ से उखड़कर कोठरी पर गिर गया। कोठरी ढहने से लक्ष्मी देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। गुलाबबाग निवासी 20 वर्षीय अंशुल शर्मा मंगलवार शाम पेड़ गिरने से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

सैकड़ों पेड़ गिरे, सड़कें बनीं जाम

आंधी के दौरान जिलेभर में सैकड़ों पेड़ सड़क पर गिर पड़े। दातागंज-बदायूं मार्ग पर पापड़ और गनगोला गांव के बीच पेड़ गिरने से करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बंद रहा। लोग खेतों के रास्ते निकलने को मजबूर हुए। कई जगह बिजली के खंभे टूटने से सप्लाई ठप हो गई। बिसौली तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि राजस्व टीम किसानों की फसलों और जनहानि का आंकलन कर रही है। रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और प्रभावित परिवारों को जल्द राहत दिलाई जाएगी। वहीं पुलिस और वन विभाग को सड़कों से गिरे पेड़ हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read
View All
लोधी की ताजपोशी से ही शुरू हुई BJP में नई गुटबाजी; बरेली शहर होर्डिंगों से पटा, क्षेत्रीय अध्यक्ष से ज्यादा प्रदेश उपाध्यक्ष के पोस्टर की चर्चा

NEET री-एग्जाम के दौरान छात्रा बेहोश, परीक्षा केंद्र से अस्पताल पहुंचाया गया; हालत स्थिर

UP पुलिस का बर्खास्त सिपाही पत्नी के साथ मिलकर चलाता था अपराध का गिरोह, बरेली पुलिस ने जाल बिछाकर 3 को दबोचा

बरेली में आर्मी यूनिफॉर्म के साथ पकड़ा गया अरबाज, अब खरीदारों और सप्लायरों की कुंडली खंगाल रही पुलिस

पीलीभीत का कय्यूम बरेली में चला रहा था अवैध हथियारों का कारोबार, पुलिस ने किया गिरफ्तार, मकान मालिक भी रडार पर