13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली में तेज आंधी से गिरे पेड़ और दीवार, छात्रा और बुजुर्ग महिला की मौत, कई इलाकों में भारी नुकसान

जिले में लगातार दूसरे दिन तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे आई तेज आंधी के दौरान अलग-अलग हादसों में एक छात्रा और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो मवेशियों की भी जान चली गई।

2 min read
Google source verification
Trees uprooted in Bareilly storm after heavy winds and rain.

मृतक छात्रा

बरेली। जिले में लगातार दूसरे दिन तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे आई तेज आंधी के दौरान अलग-अलग हादसों में एक छात्रा और एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो मवेशियों की भी जान चली गई। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही तथा यातायात प्रभावित हुआ।

भमोरा क्षेत्र के हररामपुर गांव में आम का पेड़ गिरने से कक्षा सात की छात्रा देवकी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नितोई गांव में तेज आंधी के दौरान उड़कर आई लकड़ी की बल्ली दीवार से टकरा गई, जिससे ईंटें गिर पड़ीं। इसकी चपेट में आने से गोमती नामक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी के घर जा रही थीं। वहीं सरदारनगर और नौगवां ठकुरान क्षेत्रों में पेड़ गिरने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई।

चार स्कूल बसें क्षतिग्रस्त

भमोरा कस्बे में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से दो स्कूलों की चार बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। जिले के कई हिस्सों में बिजली के खंभे टूटने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिशारतगंज इलाके में रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर एक टेंपो पर पेड़ गिर गया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। वहीं आंवला रोड पर एक बड़ा साइन बोर्ड भी गिर पड़ा। हालांकि, इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से बोर्ड हटवाकर यातायात बहाल कराया।

मंगलवार को भी चला था मौसम का कहर

इससे पहले मंगलवार को भी जिले में तेज आंधी और बारिश हुई थी। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था, जो मंगलवार को घटकर 32 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को 11.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार प्रदेश के मध्य भाग में बने चक्रवाती प्रभाव और पुरवा-पछुआ हवाओं की टकराहट के कारण यह मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 14 मई के बाद मौसम के पूरी तरह शुष्क होने का अनुमान है।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग