बरेली

‘समाज में जहर घोल रही BJP, सिखों का गलत इतिहास पढ़ा रही’, सपा ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- करारा जवाब मिलेगा

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने बीजेपी पर समाज में नफरत फैलाकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर (Samajwadi Party National Secretary Kuldeep Singh Bhullar) ने कहा कि भाजपा सिखों को आधा-अधूरा इतिहास पढ़ाकर समाज में नफरत फैला रही है।
2 min read
May 03, 2026
SP leader Kuldeep Singh Bhullar
समाजवादी पार्टी ने BJP पर गंभीर आरोप लगाए (Image: सपा नेता 'X')

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर अपनी 'सामाजिक न्याय यात्रा' के तहत रविवार को बरेली दौरे पर रहे। बरेली में कुलदीप सिंह भुल्लर ने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी पर हमला बोला। भुल्लर ने कहा- गुरु गोविंद सिंह को बचाने वाले मुस्लिम महापुरुष थे। भाजपा औरंगजेब और वजीर खान की क्रूरता की बात करती है, ताकि सिखों को मुस्लिमों के खिलाफ भड़काया जा सके।

गुरू गोविंद सिंह को मुस्लिम महापुरुषों ने बचाया

सपा के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि भाजपा सिखों को आधा-अधूरा इतिहास पढ़ाकर समाज में नफरत फैला रही है। सिख समाज भाजपा की 'फूट डालो, राज करो' नीति समझ चुका है। गनी और नबी खान ने गुरू गोविंद सिंह को बचाया था, लेकिन भाजपा गलत इतिहास बता रही है।

बीजेपी को इसका जवाब 2027 के चुनाव में मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि गुरु गोविंद सिंह को बचाने वाले मुस्लिम महापुरुष थे। भाजपा औरंगजेब और वजीर खान की क्रूरता की बात करती है, ताकि सिखों को मुस्लिमों के खिलाफ भड़काया जा सके। पीर बुद्ध शाह ने गुरु साहब के लिए बेटे और भतीजे कुर्बान किए थे।

सरकार ने किसानों की जमीन हड़प ली

कुलदीप सिंह भुल्लर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में सिख किसानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 1947 के बंटवारे के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कहने पर सिख परिवार पंजाब से यूपी आए थे। बंजर जमीन को मेहनत से उपजाऊ बनाने के बाद अब उनसे मालिकाना हक छीना जा रहा है।

सरकार ने कैबिनेट में हक दिलाने का फर्जी दावा किया। सरकार ने किसानों से 50 एकड़ जमीन छीन ली, अब हजारों एकड़ जमीन पर संकट है। सरकार शहीदी दिवस मनाती है और गुरुओं के स्थान पर कब्जा भी कर रखा है। सपा नेता कुलदीप सिंह भुल्लर ने महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम और खाद की किल्लत पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा, हार की घबराहट से पंचायत चुनाव टाल रही है। बीजेपी को हार का डर सता रहा है।

Updated on:
03 May 2026 07:25 pm
Published on:
03 May 2026 07:22 pm