बरेली

BAREILLY: मोहब्बत के लिए छोड़ा घर, प्रेमी से की शादी, परिवार हुआ खिलाफ तो पति का हाथ पकड़ SSP के पास पहुंची युवती

बरेली में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेमी से शादी करने वाली बालिग युवती पति संग SSP पहुंची। उसने मायके पक्ष से सुरक्षा और ससुराल वालों को परेशान न करने की गुहार लगाई।
2 min read
Sep 20, 2026
CRIME NEWS
पति के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता। (फोटो सोर्स Avnish Pandey)

बरेली। बिशारतगंज क्षेत्र की एक युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी से शादी कर ली। युवती का कहना है कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ गई थी। शादी के बाद मायके वालों के विरोध और पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत किए जाने पर युवती अपने पति के साथ एसएसपी अनुराग आर्य के पास पहुंची। उसने शिकायती पत्र देकर पति और ससुराल वालों को परेशान न किए जाने तथा सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बिशारतगंज के वार्ड नंबर आठ निवासी माही ने एसएसपी को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उसकी जन्मतिथि 11 जुलाई 2007 है और वह बालिग है। वह बिशारतगंज निवासी खुशाल से प्रेम करती है और उसके साथ रहना चाहती है। युवती के मुताबिक उसने किसी दबाव या बहकावे में आए बिना अपनी मर्जी से 14 सितंबर 2026 को खुशाल से शादी की और तभी से उसके साथ रह रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की सहमति के बिना शादी की। इसके बाद दोनों के निकाह करने की बात भी सामने आई है। शादी की जानकारी मिलने पर युवती के मायके पक्ष ने इसका विरोध किया।

बोली- मुझे भगाकर नहीं ले गया खुशाल

युवती ने प्रार्थना-पत्र में दावा किया कि उसके मायके वाले उसके पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायतें कर रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि खुशाल उसे भगाकर ले गया है। युवती ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि वह अपनी इच्छा से खुशाल के साथ गई और शादी करके उसके साथ रह रही है। युवती ने एसएसपी से मांग की है कि मायके पक्ष की ओर से उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ दिए जाने वाले शिकायती पत्रों पर तथ्यों की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाए। साथ ही उसने मायके पक्ष से सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है। प्रार्थना-पत्र पर 19 सितंबर की तारीख दर्ज है।

प्रेम विवाह के बाद पुलिस तक पहुंचा विवाद

प्रेम विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया है। युवती अपने पति के साथ अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखने पहुंची है। उसका कहना है कि वह बालिग है और पति के साथ अपनी इच्छा से रह रही है। अब पुलिस शिकायत और युवती के बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।