
Maulana Mufti On Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में SIR की पहली ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने पर मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि किसी भी मुसलमान का वोट नहीं कटा है। उन्होंने आयोग द्वारा कराए गए SIR की तारीफ की।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के SIR पर दिए बयान पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ मुसलमानों को गुमराह कर रहे हैं, SIR के जरिए किसी मुसलमान का वोट नहीं कटा है, वे सिर्फ भ्रम फैलाकर मुसलमान और देश को गुमराह कर रहे हैं। आयोग ने SIR कराकर वोटर लिस्ट को ठीक करने का काम किया है।
बरेली में मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा, '' भारत के चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट को सही करने के लिए एक अभियान शुरू किया है। कई राज्यों में अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया है। मृत वोटर्स के नाम हटा दिए गए। सही वोटर लिस्ट सुनिश्चित करने के लिए डुप्लीकेट एंट्री को ठीक किया गया। अपडेटेड लिस्ट का पहला ड्राफ्ट अब जारी कर दिया गया है। यह तारीफ के काबिल है कि चुनाव आयोग ने यह काम जिम्मेदारी से किया है।''
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सपा के मुखिया अखिलेश यादव कहते हैं कि मुसलमानों के वोट काट दिए गए। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि किसी का वोट नहीं काटा गया है। मुसलमानों को वे सिर्फ भ्रमित कर रहे हैं। SIR के मामले में मुसलमानों ने जिम्मेदारी से फॉर्म भरा है।
बता दें कि राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया है, ''उत्तर प्रदेश में SIR के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 नाम शामिल किए गए हैं। गिनती का काम पूरा हो गया है। गिनती की प्रक्रिया 4 नवंबर, 2025 को शुरू हुई थी और 26 दिसंबर, 2025 तक चली। फाइनल वोटर लिस्ट 6 मार्च को पब्लिश की जाएगी।