बरेली

पीलीभीत का कय्यूम बरेली में चला रहा था अवैध हथियारों का कारोबार, पुलिस ने किया गिरफ्तार, मकान मालिक भी रडार पर

Bareilly News: पीलीभीत पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी, पुलिस से बचने के लिए छिपकर रह रहा था।
2 min read
• •
Updated: 23 Jun 2026, 7:39 AM IST
हथियार तस्कर गिरफ्तार
अवैध हथियारों की तस्करी करने वाला गिरफ्तार (फोटो-पत्रिका)

Bareilly News: पीलीभीत का एक शातिर अपराधी कैंट क्षेत्र में किराए के मकान को ठिकाना बनाकर अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वह फर्जी तरीके से छिपकर रह रहा था और सस्ते दामों में युवाओं तक अवैध हथियार पहुंचाने की फिराक में था। कैंट पुलिस ने उसे तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मकान मालिक को आरोपी की गतिविधियों और उसके पुलिस से बचकर रहने की जानकारी थी। अब पुलिस ने मकान मालिक को भी मामले में नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में कैंट पुलिस सोमवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मोहनपुर मजार के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कय्यूम कुरैशी पुत्र लल्ला मास्टर निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां में किराए के मकान में रह रहा था।

तमंचा बरामद, दर्ज हुआ मुकदमा

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नाजायज 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए ठिरिया निजावत खां में शेखू पुत्र जमील के मकान में रह रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि मकान मालिक को उसकी गतिविधियों और पुलिस से बचकर रहने की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने बिना सत्यापन किरायेदार रखने और आरोपी को शरण देने के आरोप में मकान मालिक को भी मामले में नामजद किया है।

पहले से दर्ज हैं संगीन मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में गौहत्या अधिनियम तथा वर्ष 2024 में आयुध अधिनियम के तहत पीलीभीत के बीसलपुर थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अवैध हथियारों के नेटवर्क, सप्लायरों और संभावित खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, उपनिरीक्षक रोहित तोमर, हेड कांस्टेबल शकील अहमद और कांस्टेबल रियाज अली शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शस्त्र तस्करों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Also Read
View All