बरेली

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जाना होगा आसान, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, रोडवेज दौड़ाएगा 125 अतिरिक्त बसें

Bareilly News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे और रोडवेज ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा के लिए स्पेशन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा और अतरिक्त रोडवेज बसों का भी संचालन होगा।

2 min read
Jun 07, 2026
up news
सांकेतिक इमेज-पत्रिका

Bareilly News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे और रोडवेज ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 8, 9 और 10 जून को होने वाली परीक्षा के दौरान लाखों अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, जबकि रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाने और विभिन्न रूटों पर फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षार्थियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल और इज्जतनगर मंडल ने परीक्षा के मद्देनजर विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। बरेली जंक्शन पर दो अतिरिक्त रैक पहुंच चुके हैं, जिनका संचालन हरदोई और लखनऊ रूट पर किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार और मुरादाबाद से भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो बरेली होकर लखनऊ और सीतापुर मार्ग तक जाएंगी।

पहले दिन आगरा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए इज्जतनगर मंडल ने कासगंज और मथुरा रूट पर भी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की पांच संयुक्त टीमें भी तैनात करेगा। बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई हैं, ताकि यात्रियों और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रोडवेज ने बढ़ाए फेरे, 20-20 अतिरिक्त बसें भी चलेंगी

पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान रोडवेज भी अतिरिक्त सेवाएं देगा। अधिकारियों के अनुसार बरेली-आगरा, बरेली-लखनऊ, बरेली-हरदोई, बरेली-पीलीभीत, बरेली-बदायूं, बरेली-फर्रुखाबाद-कानपुर और बरेली-दिल्ली रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। विशेष रूप से आगरा रूट पर अधिक दबाव को देखते हुए अतिरिक्त बसें लगाई जा रही हैं। चालक और परिचालकों की छुट्टियां भी परीक्षा समाप्त होने तक निरस्त कर दी गई हैं, ताकि परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो।

125 अतिरिक्त बसे तैयार

तीन दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए लखनऊ प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है। परीक्षा में प्रदेश के 17 जिलों से 1,35,936 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों को मिलाकर करीब दो लाख लोगों की आवाजाही का अनुमान लगाया गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख स्थानों पर हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सिटी बसों की व्यवस्था भी की गई है। आलमबाग बस अड्डे से 125 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

अब बसों पर भी दिखेगा गंतव्य स्थान

यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने एक नई पहल भी शुरू की है। अब रोडवेज बसों पर ट्रेन के कोच की तर्ज पर स्पष्ट रूप से गंतव्य स्थल का नाम लिखा जाएगा। इससे यात्रियों को बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लखनऊ क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने सभी नौ डिपो के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक बस पर गंतव्य की नाम पट्टिका अनिवार्य रूप से लगाई जाए, ताकि यात्रियों को बस पहचानने में आसानी हो और अनावश्यक भीड़ न बढ़े।

सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा पर रहेगा फोकस

रेलवे, रोडवेज और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को समय पर और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।