बरेली

गंगा दशहरा पर रेलवे का बड़ा तोहफा, बरेली होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन, हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

Bareilly गंगा दशहरा पर हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। मुरादाबाद मंडल ने 25 और 26 मई को बरेली होकर अनारक्षित श्रेणी की गंगा दशहरा विशेष ट्रेन चलाने का ऐलान किया है।
2 min read
May 19, 2026
Indian Railways
Indian Railways

बरेली। गंगा दशहरा पर हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। मुरादाबाद मंडल ने 25 और 26 मई को बरेली होकर अनारक्षित श्रेणी की गंगा दशहरा विशेष ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर और आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालुओं को सीधा फायदा मिलेगा। हर साल गंगा दशहरा और स्नान पर्व के दौरान हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। कई यात्रियों को घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ता है, जबकि अनारक्षित डिब्बों में हालत बेहद खराब हो जाती है। ऐसे में रेलवे की यह व्यवस्था यात्रियों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।

हरिद्वार से रात में होकर गुजरेगी स्पेशल ट्रेन

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 04302 हरिद्वार-लखनऊ गंगा दशहरा विशेष गाड़ी 25 मई को हरिद्वार से शाम 6:35 बजे रवाना होगी। ट्रेन लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद और रामपुर स्टेशनों से गुजरते हुए रात 12:06 बजे बरेली पहुंचेगी। यहां से ट्रेन शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ होकर अगले दिन तड़के 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन में अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर सकें।

लखनऊ से सुबह चलेगी हरिद्वार स्पेशल

वहीं वापसी दिशा में 04301 लखनऊ-हरिद्वार गंगा दशहरा विशेष गाड़ी 26 मई को तड़के 6:30 बजे लखनऊ से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 9:22 बजे बरेली पहुंचेगी। इसके बाद रामपुर, मुरादाबाद, कांठ, धामपुर, नगीना और नजीबाबाद होते हुए शाम 4:16 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। रेलवे ने यात्रियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने और भीड़ को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

हर साल उमड़ती है भारी भीड़

गंगा दशहरा और गंगा स्नान पर्व पर हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। बरेली जंक्शन और आसपास के स्टेशनों पर भी भारी भीड़ देखने को मिलती है। कई बार ट्रेनों में चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था भी की जाएगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Updated on:
19 May 2026 04:46 pm
Published on:
19 May 2026 04:45 pm