परिवहन विभाग की कार्यशैली को तेज और सख्त बनाने के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बरेली में ताबड़तोड़ निरीक्षण और समीक्षा बैठक की।
बरेली। परिवहन विभाग की कार्यशैली को तेज और सख्त बनाने के लिए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बरेली में ताबड़तोड़ निरीक्षण और समीक्षा बैठक की। परसाखेड़ा में बन रहे सारथी हॉल और कार्यालय भवन का जायजा लेने पहुंचे आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य किसी भी हालत में 31 मई 2026 तक पूरा होना चाहिए। निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से समझौता न करने की चेतावनी भी दी गई।
परिवहन आयुक्त ने सबसे पहले परसाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन सारथी हॉल और कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रबंधक ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस पर आयुक्त ने शेष काम तय समय सीमा के भीतर खत्म करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद परिवहन आयुक्त ने बिथरी चैनपुर स्थित PHOENIX AUTOMOBILES TESTING BAREILLY PRIVATE LIMITED का निरीक्षण किया। यहां संचालित व्यवस्थाओं और वाहन परीक्षण प्रणाली की समीक्षा की गई। अधिकारियों को व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बरेली परिक्षेत्र के सभी सम्भागीय परिवहन अधिकारी और सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में विभागीय कामकाज की गहन समीक्षा की गई। प्रशमन शुल्क लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अप्रैल माह में राजस्व प्राप्ति के मामले में बरेली परिक्षेत्र ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों की पीठ थपथपाई और आने वाले महीनों में भी इसी प्रदर्शन को बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सबसे ज्यादा जोर मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई पर रहा। परिवहन आयुक्त ने कहा कि तेज आवाज और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे वाहनों की आरसी तक निलंबित की जाए।
सड़क दुर्घटनाओं में जिम्मेदार पाए जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित और निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। बैठक में उप परिवहन आयुक्त कमल प्रसाद गुप्ता, सम्भागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रणव झा, एआरटीओ प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, एआरटीओ प्रवर्तन वैभव सोती समेत बरेली और मुरादाबाद संभाग के अधिकारी मौजूद रहे।