
बरेली। जिले में बदमाशों के हौसले कुछ इस कदर बुलंद है कि उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। बीती रात मढ़ीनाथ पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बदमाशों ने पिता की गोद में से एक साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश की। पिता के विरोध करने पर बदमाश मारपीट करने लगे और जब मौके पर भीड़ जमा होनी शुरू हुई तो बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। एसएसपी के आदेश पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और बदमाशों की तलाश शुरू हो गई है।
ये भी पढ़ें
चौकी के पास हुई घटना
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले अनूप मिश्रा वरिष्ठ पत्रकार है। अनूप मिश्रा ने बताया कि उनका छोटा भाई दीपक मिश्रा अपने एक साल के बेटे के साथ गुरूवार रात मढ़ीनाथ पुलिस चौकी के सामने रामलीला देखने जा रहा था। रास्ते में चार बदमाशों ने उनके भाई का रास्ता रोक लिया। दो बदमाश बाइक से थे जबकि दो बदमाश पैदल थे। चारों बदमाशों ने भाई की गोद से एक साल के बच्चे को छीनने की कोशिश की। भाई के विरोध करने पर उसके साथ धक्का मुक्की भी की बाद में शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें
मुकदमा हुआ दर्ज
पत्रकार के भाई के साथ हुई घटना के बाद हड़कंप मच गया और तमाम पत्रकार देर रात एसएसपी मुनिराज से मिले और पूरी घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने तुरंत इलाके में चेकिंग अभियान चलवाया लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। इस मामले में सुभाषनगर थाने में चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों को पकड़ने के लिए आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें