बरेली

रामगंगा में नहाने गईं दो छात्राएं गहरे पानी में बहीं, एक की मौत, दूसरी की तलाश जारी

फरीदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह शरद पूर्णिमा पर स्नान करने गईं दो किशोरियां रामगंगा नदी में गहरे पानी में बह गईं। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
less than 1 minute read
Oct 06, 2025
Feature image

बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह शरद पूर्णिमा पर स्नान करने गईं दो किशोरियां रामगंगा नदी में गहरे पानी में बह गईं। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, फरीदपुर क्षेत्र के सितारगंज गांव की करीब दस किशोरियां सोमवार सुबह शरद पूर्णिमा के मौके पर ऑटो से रामगंगा नदी के खल्लपुर घाट पहुंची थीं। सभी नदी में स्नान कर रही थीं कि इसी दौरान 17 वर्षीय अनीता अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख उसकी 17 वर्षीय सहेली पूनम ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव में वह भी बह गई।

अन्य किशोरियों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर दोनों की तलाश शुरू की। करीब आधा किलोमीटर दूर पूनम को बाहर निकाला गया और परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। दोनों किशोरियां कक्षा दसवीं की छात्राएं थीं और एक ही स्कूल में पढ़ती थीं। अनीता की तलाश अब भी जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है।