उमरलाई-जोधपुर रोड पर मोरड़ा मामाजी मंदिर के पास सोमवार शाम करीब 5:30 बजे भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेजड़ी (जाल) के पेड़ से जा टकराई।
कल्याणपुर (बालोतरा)। उमरलाई-जोधपुर रोड पर मोरड़ा मामाजी मंदिर के पास सोमवार शाम करीब 5:30 बजे भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेजड़ी (जाल) के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बालोतरा से जोधपुर की ओर जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से भिड़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में तीनों युवकों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान जगदीश सांसी (30) पुत्र मूलाराम सांसी निवासी दईपड़ा, किशनराम (25) पुत्र वगताराम मेघवाल निवासी कल्याणपुर और खुशालराम (25) पुत्र भागीरथराम के रूप में हुई है। खुशालराम को जोधपुर रेफर किया गया था, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।