
Barmer Murder Case : बाड़मेर। सदर थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को पानी के टांके में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य तथा वृताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के निर्देशन में सदर थानाधिकारी करतार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले का खुलासा करते हुए गुमान सिंह और नेतल देवी को गिरफ्तार किया गया। दोनों से गहनता से पूछताछ की गई है। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पत्नी को जेल भेज दिया है, जबकि प्रेमी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को महेशाराम ने अपने भाई तेजाराम का शव टांके में मिलने की सूचना दी थी। इस पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान गुमान सिंह और नेतल देवी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। बाद में 15 जून को महेशाराम ने फिर रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि उसके भाई तेजाराम की हत्या उसकी पत्नी नेतलदेवी, गुमानसिंह और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर की है। इस पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक तेजाराम की पत्नी नेतल देवी के गुमानसिंह के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे। तेजाराम जालोर जिले के सुठाखोई क्षेत्र में मजदूरी करता था, जहां उसे अपनी पत्नी के इन संबंधों की भनक लग गई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। विवाद बढ़ने पर नेतलदेवी अपने बच्चों को लेकर बाड़मेर आ गई। कुछ समय बाद तेजाराम भी मजदूरी छोड़कर बाड़मेर पहुंचा और उसने गुमानसिंह से इस बारे में पूछताछ की। इस दौरान तीनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते गुमानसिंह ने नेतलदेवी के सहयोग से तेजाराम की हत्या कर दी। बाद में शव को नौखड़ा-मालपुरा फांटा मार्ग के निकट हुकमाणियों का खांथा ढाणी क्षेत्र में स्थित एक टांके में डाल दिया गया। मामले के खुलासे में कांस्टेबल भरतकुमार और शंकरसिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।