
Barmer Drug Smuggler Kaushalaram: मादक पदार्थों की तस्करी से करोड़ों की अवैध संपत्ति खड़ी करने वाले हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम पर बाड़मेर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कौशलाराम और उसके परिजनों के नाम अर्जित 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपए की संपत्ति फ्रीज करवाई है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने सुनवाई के बाद संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि कर दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों में चार वाहन, दो मकान, बालोतरा में तीन मंजिला भवन, कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा और शराब की दुकान शामिल हैं। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सऊओं की ढाणी, भोजासर स्थित कौशलाराम के दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए।
जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर और जोधपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी बायतु दीपेन्द्र सैनी के सुपरविजन में बायतु पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, बायतु थाना क्षेत्र के सऊओं की ढाणी, भोजासर निवासी कौशलाराम पुत्र खेराजराम हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 17 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के सात मामलों में करीब 4,465 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। सिवाना थाने में दर्ज मामले में तीन वाहनों से 1,249.800 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था। इसके अलावा सिरियारी, निम्बाहेड़ा सदर, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर और गिड़ा थानों में भी उसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
थानाधिकारी बायतु खेताराम के नेतृत्व में पुलिस ने कौशलाराम और उसके परिजनों की संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। इसमें सामने आया कि परिवार के पास संपत्तियां खरीदने के लिए आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। पुलिस अनुसंधान में इन संपत्तियों को मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से खरीदा जाना पाया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 9 अक्टूबर 2026 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी कर पुष्टि के लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा गया। सुनवाई के बाद प्राधिकारी ने 3.37 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि कर दी।
फ्रीज की गई संपत्तियों में टोयोटा हाइलक्स पिकअप, हुंडई क्रेटा, महिंद्रा बोलेरो कैंपर और महिंद्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं। इसके अलावा भोजासर में आवासीय और निर्माणाधीन मकान, बालोतरा के मां विरात्रा विहार-6 में भूखंड और उस पर बना तीन मंजिला भवन, जैसलमेर के रामगढ़ में दो मुरब्बे कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा और शराब की दुकान भी शामिल है। इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 3,36,79,665 रुपए आंका गया है।
फ्रीज की गई संपत्तियों में कौशलाराम के साथ उसकी पत्नी, भाई और भाई की पत्नी के नाम की संपत्तियां भी शामिल हैं। आदेश के बाद इन संपत्तियों का विक्रय, हस्तांतरण या किसी भी प्रकार का लेन-देन नहीं किया जा सकेगा। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एम के तहत ऐसा कोई भी हस्तांतरण शून्य माना जाएगा। पुलिस की ओर से परिवहन, राजस्व, पंजीयन, नगर परिषद, आबकारी, खनिज विभाग और बैंकों को भी इसकी सूचना देने की प्रक्रिया की जा रही है।