
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर शहर के एक निजी हॉस्पिटल की नर्स ने हॉस्पिटल संचालक, डॉक्टर, मैनेजर और अन्य स्टाफ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। नर्स की रिपोर्ट पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच महिला सेल की एएसपी कर रहे हैं। इससे पहले 22 जुलाई को डॉक्टर ने नर्स के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेल का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वह 30 सितंबर को जेल से बाहर आई थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को उसने महिला थाने में रिपोर्ट दी।
नर्स ने आरोप लगाया कि हॉस्पिटल में काम के दौरान चेंजिंग रूम में सीक्रेट कैमरे से उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए। आरोप है कि इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया गया। उसने जनवरी 2024 में नाइट ड्यूटी के दौरान जबरन कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि बेवजह बदनाम करने के लिए मुझे बदनाम किया गया। रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल संचालक व डॉक्टर सायमन मेकवान पुत्र फुसाभाई निवासी जीवन वर्षा अपार्टमेंट, अहमदाबाद हॉल मंगलम टॉवर हमीरपुरा बाड़मेर, मैनेजर जगतसिंह सोढ़ा दानजी की होदी, कंवराराम निवासी शिवकर के खिलाफ महिला थाने में प्रकरण दर्ज हुआ हैं।
नर्स के अनुसार, डर के कारण उसने एक समय हॉस्पिटल जाना बंद कर दिया था, लेकिन कथित धमकियों के बाद फिर काम पर लौटना पड़ा। उसने डॉक्टर पर अश्लील वीडियो भेजने तथा मई 2026 में हॉस्पिटल मैनेजर सहित दो लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया है। नर्स का दावा है कि बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए और उसके खिलाफ ब्लैकमेल का मामला दर्ज करवाया गया।
निजी हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर, मैनेजर और एक स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले की जांच महिला सेल की एएसपी कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-नितेश आर्य, एएसपी, बाड़मेर