बाड़मेर

Barmer News: बिजली के तार चोरी करना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आए दो युवक, दोनों की मौके पर हुई मौत

Barmer News: बाड़मेर के धोरीमन्ना में बिजली के तार चोरी करते समय दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बंद पड़ी लाइन को काटते समय एक चालू लाइन के संपर्क में आने से उन दोनों को करंट लगा।
2 min read
Jul 25, 2026
Barmer Electric Shock Incident
बिजली के तार चोरी के दौरान हुआ बड़ा हादसा, पुलिस जांच में जुटी (Photo-Patrika)

Electric Shock Death: बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना इलाके में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली के तार चोरी करने पहुंचे दो युवकों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक बंद पड़ी बिजली लाइन से तार काट रहे थे, लेकिन इसी दौरान चालू लाइन के संपर्क में आने से करंट दौड़ गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।

बंद पड़ी लाइन से काट रहे थे तार

यह घटना बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के मुंढसर-कोठाला सरहद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक देर रात तीन-फेज बिजली लाइन से तार चोरी करने पहुंचे थे। जिस लाइन से वे तार काट रहे थे, वह आपसी विवाद के कारण लंबे समय से बंद पड़ी थी। युवकों ने लाइन के तार काटकर उन्हें इकट्ठा करना शुरू कर दिया। उन्हें लगा कि लाइन में बिजली नहीं है।

ऊपर से गुजर रही चालू लाइन बनी मौत की वजह

जानकारी के अनुसार, जिस तार को दोनों युवक काटकर जमा कर रहे थे, वह ऊपर से गुजर रही दूसरी चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। इससे कटे हुए तारों में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। दोनों युवक संभल भी नहीं पाए और तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और बिजली विभाग ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही धोरीमन्ना थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है।

दोनों मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान खेताराम (23) पुत्र चेनाराम जाट निवासी फड़ौदा का फाटा, कोठाला और गिरधारीराम (23) पुत्र सोनाराम जाट निवासी भांडवाला, फड़ौदा फाटा, कोठाला के रूप में हुई है। दोनों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Updated on:
25 Jul 2026 03:11 pm
Published on:
25 Jul 2026 03:11 pm