बाड़मेर

Barmer Panchayat Chunav Result: एक परिवार में दोहरी खुशी; पति बने जिला परिषद सदस्य तो पत्नी ने पंचायत समिति में मारी बाजी

बाड़मेर पंचायत चुनाव में पति-पत्नी की जोड़ी ने कमाल कर दिया। गफूर अहमद ने जिला परिषद तो पत्नी शम्मा बानो ने पंचायत समिति सदस्य के रूप में जीत दर्ज कर परिवार को दोहरी खुशी दी है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:56 PM IST
Husband Wife Win Panchayat Election
गफूर अहमद और शमा मोहम्मद (Photo-Patrika)

बाड़मेर. बाड़मेर के पंचायत चुनाव नतीजों में एक बड़ा ही दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला है, जिसकी पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है। यहां एक ही घर के पति-पत्नी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और कमाल की बात यह रही कि दोनों ने ही शानदार जीत हासिल की है। दानों कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे। गफूर अहमद जहां जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से चुनाव जीते हैं, वहीं उनकी पत्नी शम्मा बानो ने धनाऊ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 5 से बाजी मारी है। एक ही परिवार में आई इस दोहरी खुशी से समर्थकों में भी जबरदस्त उत्साह है।

दिग्गज सियासी परिवार से है दोनों का नाता

गफूर अहमद और शम्मा बानो बाड़मेर के एक बेहद रसूखदार राजनीतिक परिवार से आते हैं। गफूर अहमद चौहटन इलाके के दिग्गज नेता रहे और सात बार विधायक का चुनाव जीतने वाले स्वर्गीय अब्दुल हादी के बेटे हैं, जबकि शम्मा बानो इसी मशहूर 'हादी परिवार' की बहू हैं।

राजनीति में दोनों लंबे समय से हैं सक्रिय

इस पति-पत्नी की जोड़ी का सियासी सफर काफी लंबा और दमदार रहा है। गफूर अहमद पहले राजस्थान की कांग्रेस सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं और बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की कमान भी संभाल चुके हैं। दूसरी तरफ, शम्मा बानो भी लगभग 20 साल से सक्रिय राजनीति में हैं। साथ ही चौहटन व धनाऊ की प्रधान बी रह चुकी हैं। महिलाओं के लिए किए गए कामों के चलते उन्हें भारत सरकार से सम्मान भी मिल चुका है। इसके अलावा वे राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पश्चिम बंगाल महिला कांग्रेस की प्रभारी जैसी बड़ी जिम्मेदारियां भी निभा चुकी हैं।

साल 2020 के चुनाव में भी दर्ज की थी शानदार जीत

यह पहला मौका नहीं है जब इस पति-पत्नी की जोड़ी ने एक साथ चुनावी मैदान में उतरकर विरोधियों को मात दी है। इससे पहले साल 2020 के पंचायत राज चुनावों में भी दोनों ने ठीक इसी अंदाज में एक साथ ताल ठोकी थी और क्षेत्र की जनता का भरोसा जीतते हुए कामयाबी हासिल की थी। उस वक्त भी दोनों के बीच राजनीतिक जिम्मेदारियों का समीकरण कुछ ऐसा ही था।

साल 2020 के चुनाव में गफूर अहमद ने बाड़मेर जिला परिषद के मैदान में उतरकर जीत का परचम लहराया था और जिला परिषद सदस्य के तौर पर काम किया। वहीं दूसरी तरफ, उनकी पत्नी शम्मा बानो ने धनाऊ पंचायत समिति से सदस्य का चुनाव लड़कर शानदार जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने इस सीट पर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए धनाऊ की मुख्य 'प्रधान' की कुर्सी भी संभाली थी।