बाड़मेर

बाड़मेर में सड़क हादसे में ओपन जेल के 2 कैदियों की मौत, हाजिरी लगाकर मजदूरी करने निकले थे

बाड़मेर में जैसलमेर रोड पर नवले की चक्की के पास कार बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए डंपर से भिड़ गई। हादसे में ओपन जेल में रह रहे हत्या के मामलों के दो कैदियों की मौत हो गई।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
barmer road accident
कार में बुरी तरह फंसे, लोहे की चादर हटाकर निकाला (पत्रिका फोटो)

Barmer Road Accident: बाड़मेर शहर से होकर गुजरने वाले जैसलमेर रोड पर नवले की चक्की के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ओपन जेल के दो कैदियों की मौत हो गई। हाईवे पर मृत पशु से टकराने के बाद कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार दोनों कैदी अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

रीको पुलिस के अनुसार, हादसे में जैसलमेर के देवा गांव निवासी महेंद्र पुत्र राणाराम और सुजाराम पुत्र धर्माराम की मौत हुई है। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौका रिपोर्ट तैयार कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर अंधेरे के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह दर्ज करवाई हाजिरी, शाम को हादसे में मौत

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक बाड़मेर जिला कारागृह की खुली जेल में रह रहे थे। दोनों हत्या के मामलों में सजा काट रहे थे। महेंद्र वर्ष 2019 से और सुजाराम वर्ष 2025 के बाद से खुली जेल में रह रहे थे। यहां महेंद्र अपनी पत्नी के साथ रहता था। सोमवार सुबह दोनों ने जेल प्रशासन के उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी दर्ज करवाई और मजदूरी के लिए निकल गए। शाम को जैसलमेर रोड पर हुए हादसे में दोनों की मौत हो गई।

कार में बुरी तरह फंसे, लोहे की चादर हटाकर निकाला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक अंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने कार का गेट और लोहे की चादर हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।

Updated on:
19 Oct 2026 09:57 pm
Published on:
19 Oct 2026 09:30 pm