
बाड़मेर। बाड़मेर-बालोतरा जिले के यात्रियों को वर्ष 2026 के खत्म होने से पहले रोडवेज की नई बसों की सौगात मिलेगी। कई वर्षों बाद प्रदेश सरकार ने बाड़मेर रोडवेज डिपो को 25 नई बसें आवंटित की हैं। इनमें पहली बार एसी बसें भी शामिल हैं। दिसंबर में मिलने वाली इन बसों से दोनों जिलों के सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से नई बसों की जरूरत महसूस कर रहे बाड़मेर रोडवेज डिपो को इससे राहत मिलेगी।
रोडवेज डिपो बाड़मेर प्रदेश में कमाई के मामले में अव्वल है और सरकार की ओर से दिए जाने वाले राजस्व लक्ष्य से अधिक कमाई करता है। इसके बावजूद डिपो में बसों की संख्या सामान्य है। वर्तमान में रोडवेज एवं अनुबंध की कुल 70 बसें हैं। सीमित बसों के कारण डिपो चाहकर भी प्रदेश के कई बड़े शहरों तथा बाड़मेर-बालोतरा के प्रमुख एवं ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन नहीं कर पा रहा है। इससे रोडवेज को कमाई के रूप में नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, बसों का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों को निजी बसों में अधिक किराया देने के साथ अन्य परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
प्रदेश सरकार ने बाड़मेर रोडवेज डिपो को 25 नई बसें आवंटित की हैं। इनमें 12 एक्सप्रेस ब्लू लाइन बस, चार नॉन-एसी बस, छह एसी स्टार लाइन बस और तीन एसी स्लीपर बसें शामिल हैं। संभवत: नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव को लेकर बसों का आवंटन नहीं किया गया है। अब दिसंबर महीने में बसें डिपो को मिलेंगी। बाड़मेर रोडवेज डिपो में वर्तमान में कुल 70 बसें हैं, लेकिन इनमें एक भी एसी बस नहीं है। गर्मियों में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे परेशानी होती है। लंबे समय से एसी बसों की जरूरत महसूस की जा रही थी। पहली बार एसी बसों के आवंटन से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
बाड़मेर और बालोतरा बड़े भू-भाग वाले जिले हैं। बसों के अभाव में नए मार्गों पर संचालन नहीं होने से परेशानी होती है। ऐसे में अब नई बसों से हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी।
-धर्माराम चौधरी, यात्री
पिछले कुछ वर्षों में बाड़मेर-बालोतरा में कई नए प्रमुख मार्ग बने हैं, लेकिन रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने से निजी बसों से यात्रा करनी पड़ती है। नई बसों से सेवाओं में बढ़ोतरी होगी।
-वगतावर सिंह राजपुरोहित, यात्री
रोडवेज मुख्यालय ने बाड़मेर डिपो को 25 बसें आवंटित की हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। पहली बार एसी बसें आवंटित की गई हैं। इससे गर्मियों में यात्रियों को अच्छी सुविधा मिलेगी। डिपो को दिसंबर महीने में नई बसें मिलेंगी।
-ओमप्रकाश पूनिया, मुख्य प्रबंधक, रोडवेज डिपो बाड़मेर