बाड़मेर

बाड़मेर में वॉर म्यूजियम से खुल सकते हैं पर्यटन के नए द्वार, जैसलमेर की तर्ज पर हो सकता है विकसित

बाड़मेर में वॉर म्यूजियम बनने के साथ मुनाबाव बॉर्डर और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को जोड़कर एक व्यवस्थित पर्यटन सर्किट विकसित किया जा सकता है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:48 PM IST
जैसलमेर में वॉर म्यूजियम
जैसलमेर वॉर म्यूजियम में युद्ध से जुड़ी यादों को संजोकर रखा गया है। इसे देखने हजारों पर्यटक आते हैं। 

बाड़मेर. सरहद की रेत में दफन युद्ध की यादें, दुश्मन के टैंकों को ध्वस्त करने वाले रणबांकुरों का शौर्य और देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की वीरगाथाएं… बाड़मेर की धरती पर इतिहास का ऐसा गौरवशाली अध्याय मौजूद है, जिसे पर्यटन की नई पहचान बनाया जा सकता है। जैसलमेर में वॉर म्यूजियम और लोंगेवाला युद्धस्थल हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। इसी तर्ज पर बाड़मेर में वॉर म्यूजियम विकसित कर मुनाबाव बॉर्डर सहित सीमावर्ती क्षेत्र के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व वाले स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की संभावनाएं हैं। इससे न केवल सैन्य विरासत को सहेजने का अवसर मिलेगा, बल्कि सीमांत क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए रास्ते भी खुल सकते हैं।

जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पहले मेडिकल कॉलेज और जालिपा तालाब के बीच 10 बीघा जमीन वॉर म्यूजियम के लिए यूआइटी को दी गई थी। शुरुआत में जमीनी स्तर पर कुछ प्रयास भी किए गए। वॉर म्यूजियम के लिए आर्मी टैंक भी आ गया था। प्रशासनिक उदासीनता के चलते उसके बाद वॉर म्यूजियम का काम आगे नहीं बढ़ा। बाड़मेर में वॉर म्यूजियम बनाने की मांग भी लंबे समय से उठ रही है। अब इसके निर्माण और बजट की दिशा में ठोस पहल की जरूतर है। बाड़मेर का 1971 के भारत-पाक युद्ध से गहरा ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां की धरती ने युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों का पराक्रम और सीमावर्ती ग्रामीणों का साहस देखा है। इन घटनाओं से जुड़ी स्मृतियों, सैन्य संसाधनों, युद्ध में इस्तेमाल हुए हथियारों और शहीदों की गाथाओं को एक स्थान पर संजोया जाए तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास को करीब से जानने का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

जैसलमेर का मॉडल दिखा रहा राह

जैसलमेर में वॉर म्यूजियम और लोंगेवाला युद्धस्थल ने सैन्य विरासत को पर्यटन से जोड़ने का सफल उदाहरण पेश किया है। जैसलमेर-जोधपुर मार्ग स्थित वॉर म्यूजियम में 1965 और 1971 के युद्धों से जुड़े टैंक, विमान, सैन्य वाहन और हथियार प्रदर्शित किए गए हैं। वहीं लोंगेवाला में युद्ध के दौरान तबाह किए गए पाकिस्तानी टैंक, सैनिक बंकर और सैन्य उपकरण पर्यटकों को उस ऐतिहासिक विजय की याद दिलाते हैं। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। युद्ध की घटनाओं पर आधारित दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतियां भी पर्यटकों को इतिहास से जोड़ती हैं।

मुनाबाव से जोड़ सकते हैं पर्यटन सर्किट

बाड़मेर में वॉर म्यूजियम बनने के साथ मुनाबाव बॉर्डर और अन्य ऐतिहासिक स्थलों को जोड़कर एक व्यवस्थित पर्यटन सर्किट विकसित किया जा सकता है। इसके तहत पर्यटकों को 1971 के युद्ध से जुड़े स्थलों, सीमावर्ती क्षेत्र की सैन्य विरासत और सरहदी जीवन से परिचित कराने की योजना बनाई जा सकती है। इससे बाड़मेर आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण तैयार होगा। जैसलमेर आने वाले पर्यटकों को भी बाड़मेर के सीमांत पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:48 PM IST
Published on: