बाड़मेर के गिराब क्षेत्र के तुड़बी गांव में भूखंड विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाह की तैयारियों के बीच दो पक्षों में लाठी-पत्थर चले, मान सिंह की मौत हो गई और तीन घायल हुए।
बाड़मेर: गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव में दो परिवारों में विवाह समारोह की तैयारियां चल रही थी। यह खुशी उस समय गम में बदल गई, जब दोनों पक्षों के बीच किसी भूखंड के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। इस खूनी संघर्ष और लाठी-पत्थर जंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
गिराब थाना क्षेत्र के तुड़बी गांव में डेजर्ट नेशनल पार्क डीएनपी क्षेत्र की गोचर भूमि में एक भूखंड को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। गुरुवार को इसी विवाद के चलते तुबड़ी गांव में एक पक्ष के युवक के साथ दूसरे पक्ष के लोगों ने कहासुनी कर विवाद कर दिया। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठियां व पत्थर चलने लगे।
तुबड़ी गांव में हुए खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के दो-दो कुल चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए बाड़मेर के राजकीय जिला चिकित्सालय लाया जा रहा था। इस दौरान तुबड़ी निवासी मान सिंह पुत्र राय सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि तीन लोगों को राजकीय अस्पताल लाकर भर्ती करवाया गया। यहां दो लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई और एक लोग का उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतेश आर्य, वृत्ताधिकारी रमेश कुमार शर्मा, कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतेश आर्य ने बताया कि तुबड़ी गांव में एक भूखंड को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। गुरुवार को एक पक्ष का एक युवक के साथ दूसरे पक्ष के लोगों की कहासुनी हुई और कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ गया, जिसके बाद पत्थर व लाठियां चली। घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर फिलहाल शांति है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के परिवारों में विवाह समारोह आयोजित होने थे। मृतक मान सिंह के घर में भतीजी की शादी थी। जबकि दूसरे पक्ष में भी एक युवक का विवाह होना था, जिसको लेकर दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां की जा रही थी। विवाद, खूनी संघर्ष और एक व्यक्ति की मौत हो जाने से खुशियां गम में बदल गई है।
तुबड़ी गांव में हुई घटना को लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल, किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट नहीं दी है। रिपोर्ट देने पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जाएगी।
-नीतेश आर्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बाड़मेर