
Barmer Women Attack Sarpanch Representative: बाड़मेर जिले में आगोर ग्राम पंचायत इलाके में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई से नाराज कुछ महिलाओं ने मिलकर सरपंच प्रतिनिधि और समाजसेवी पर हमला कर दिया। महिलाओं पर उनके वाहन को रोककर मारपीट करने और गाड़ी पर पथराव करने का आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर आगोर ग्राम पंचायत क्षेत्र में सरकारी जमीन पर लोगों ने अस्थायी रूप से कब्जा कर रखा था और वहां बबूल की झाड़ियां उगी हुई थीं। प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर से इस सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से अस्थायी कब्जों और झाड़ियों को हटा दिया। इस कार्रवाई के बाद से ही कुछ स्थानीय परिवार नाराज चल रहे थे।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद जब सरपंच प्रतिनिधि और समाजसेवी खेराज प्रजापत वहां से गुजर रहे थे, तो कुछ महिलाओं ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की और उनके वाहन पर पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव के कारण गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
समाजसेवी पर हमले की खबर जैसे ही गांव में फैली, ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि इकट्ठा होकर रीको थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने अपना विरोध दर्ज कराया और हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने उन्हें निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
घटना की सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। इस मामले में पीड़ित समाजसेवी खेराज प्रजापत ने रीको थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में लीला पत्नी रामाराम, जसोदा पत्नी पप्पूराम, इमियो पुत्री पुरखाराम, संतोष पत्नी जयराम और उनके साथ आई 3-4 अन्य महिलाओं पर रास्ता रोकने, मारपीट करने और वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है।
रीको थानाधिकारी चैनप्रकाश ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने और वाहन को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की एक टीम घटनास्थल का मौका मुआयना कर चुकी है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।