बाड़मेर

Barmer: सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार, समर्थकों ने सरिए-डंडों से की जमकर तोड़फोड़

MP Hanuman Beniwal: बाड़मेर जिले के दांता गांव के पास नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले के बीच एक कार आने पर समर्थकों ने सरिए-डंडों से कार में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी ने रिपोर्ट नहीं दी।
2 min read
Jul 03, 2026
MP Hanuman Beniwal
समर्थकों ने कार में की तोड़फोड़ (पत्रिका क्रिएटिव फोटो- सोर्स: @sanganerkiawavj)

MP Hanuman Beniwal News: बाड़मेर: नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के काफिले के आगे चल रहे सुरक्षा घेरे में अचानक एक कार के आ जाने से भारी हंगामा खड़ा हो गया। राजस्थान के बाड़मेर जिले में स्थित दांता गांव के पास गुरुवार दोपहर को हुई इस घटना में सांसद के उग्र समर्थकों ने कार को घेरकर सरिए, डंडों और लातों से जमकर तोड़फोड़ की।

बता दें कि हमले में कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसी की भी ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

सर्किट हाउस से देरासर जाते समय हुई घटना

आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल गुरुवार को जोधपुर से बाड़मेर के चुनावी और सामाजिक दौरों पर पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने बाड़मेर सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मीडिया से मुखातिब हुए। इसके तुरंत बाद उनका काफिला बाड़मेर के देरासर गांव में आयोजित एक विशाल जनसभा में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही काफिला नेशनल हाईवे पर दांता गांव के नजदीक पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक सफेद रंग की इनोवा कार अचानक काफिले की गाड़ियों के बेहद करीब आ गई।

समर्थकों का फूटा गुस्सा

कार को अचानक काफिले के बीच में आता देख वहां मौजूद आरएलपी कार्यकर्ताओं और बेनीवाल के समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने सुरक्षा में चूक और साजिश की आशंका जताते हुए तुरंत अपने वाहनों को रोक दिया और इनोवा कार को चारों तरफ से घेर लिया।

देखते ही देखते समर्थकों ने गाड़ियों में रखे सरिए और डंडे निकाल लिए और कार पर हमला बोल दिया। उग्र भीड़ ने कार के आगे-पीछे और खिड़कियों के शीशों को सरियों से तोड़ दिया। इस दौरान हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। तोड़फोड़ करने के बाद सांसद का काफिला देरासर की ओर आगे बढ़ गया।

'मैं अपनी सही लेन में चल रहा था'

हाईवे पर तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना मिलते ही बाड़मेर ग्रामीण थाना प्रभारी विक्रम चारण पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। कार में सवार श्रवण सिंह (निवासी कोटडा, शिव क्षेत्र) से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह से अपनी लेन में, हाईवे की सेंटर पट्टी के पास गाड़ी चला रहे थे। उन्होंने किसी भी तरह से काफिले को डिस्टर्ब करने की कोशिश नहीं की थी, इसके बावजूद उन पर हमला किया गया।

मंच से गरजे बेनीवाल, विरोधियों पर कसा तंज

इस घटना के बाद जब हनुमान बेनीवाल देरासर में आयोजित जनसभा के मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने भाषण में इस पूरे मामले का खुलकर जिक्र किया। बेनीवाल ने कहा कि एक कार अचानक हमारे काफिले के अंदर घुसने का प्रयास कर रही थी, जिस पर मैंने कार्यकर्ताओं से उसे शांति से जाने देने को भी कहा था।

विरोधियों पर निशाना साधते हुए बेनीवाल ने तंज कसा और कहा, कुछ लोगों के पेट में इस बात का भयंकर दर्द है कि हनुमान बेनीवाल बाड़मेर के इलाके में क्यों घूम रहा है। मैं साफ़ कहना चाहता हूं कि जिनके पेट में दर्द है, वे जाकर अपनी दवाई ले लें, उनका इलाज अच्छे से हो जाएगा।

Published on:
03 Jul 2026 04:35 pm