
चौहटन. मोबाइल फोन पर एसबीआइ बैंक अधिकारी बनकर बात करते हुए एक पूर्व सैनिक से उसके बैंक खाते की जानकारी लेकर पचास हजार निकालने का मामला पुलिस थाने में दर्ज हुआ है।
पुलिस ने बताया कि सांवलोर निवासी पूर्व सैनिक इजताराम पुत्र ताराराम भील ने साइबर क्राइम पुलिस थाना जयपुर के माध्यम से मामला दर्ज करवाया कि 21 सितम्बर दोपहर करीब दो बजे उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया, जिसने एसबीआइ बैंक से होने की जानकारी देते हुए एसबीआइ कार्ड की जानकारी मांगी, नहीं बताने पर कार्ड ब्लॉक होने की बात कही। प्रार्थी ने एसबीआइ कार्ड के नम्बर बता दिए, उसके बाद मोबाइल पर आए ओटीपी नम्बर की जानकारी भी दे दी। इसके बाद उसके खाते से पचास हजार रुपए निकल गए।
और इधर...
किसान संघ ने अकाल राहत प्रबंध को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिणधरी. भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम सिणधरी तहसीलदार को ज्ञापन सौंप कर अकाल की स्थिति के मद्देनजर तात्कालिक कदम उठाए जाने की मांग की। जिला अध्यक्ष पेमाराम चोयल के नेतृत्व में किसानों ने तहसीलदार को सौपे ज्ञापन में चारा, पानी और राहत कार्य शुरू करने की मांग की।
साथ ही बीमित फसलों का क्लेम पारित किए जाने से पूर्व तात्कालिक राहत के तौर पर अग्रिम भुगतान की मांग रखी। तहसील अध्यक्ष टीकमाराम, प्रांत उपाध्यक्ष नगाराम सियाग, जिला उपाध्यक्ष हरदाराम कलबी, देवाराम सरवन, जिला युवा प्रमुख डूंगर तरड़ उपस्थित रहे।
जीएसएस का उद्घाटन, मिलेगा फायदा
धोलानाडा. ग्राम पंचायत धोलानाडा के राजस्व गांव जूनी ऊंड्डी में विधायक एवं संसदीय सचिव लादूराम विश्नोई ने जीएसएस का उद्घाटन किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि किसान देश के कर्णाधार है। उनकी समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है।
राज्य व केन्द्र सरकार भी किसानों के हितों को लेकर योजनाएं बना रही हैं, किसान इनका फायदा उठाएं। अमराराम बेनीवाल ने भी विचार व्यक्त किए। जीएसएस के लिए दो बीघा जमीन नि:शुल्क देने वाले दानदता हरदानराम धतरवाल, नारणाराम धतरवाल का बहुमान कर आभार जताया। विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता मांगीलाल, अमलूराम विश्नोई, अचलाराम बटेर, सवाईराम सऊ आदि उपस्थित थे।