- सनावड़ा में युवक की हत्या का मामला - पुलिस पूछताछ में आरोपी ने उगले हत्या के राज, मौका तस्दीक करवाई
बाड़मेर. सनावड़ा सरहद में युवक की हत्या (murder )कर शव कट्टे में बांध वाहन में डाल आग के हवाले करने की वारदात में आरोपी ने नींद में सोने के बाद वगताराम पर धारदार हथियार (Sharp weapon) से वार कर मौत घाट उतारा था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कई राज उगले हैं। पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
सदर थानाधिकारी किशनलाल ने बताया कि आरोपी अजीज खान उर्फ लालू पुत्र अलीखान निवासी बामणोर व बाल अपचारी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि दोस्त वगताराम 15 हजार रुपए मांग रहा था। जिसे वापस चुकाने की मियाद 22 जुलाई थी।
हमने रुपए नहीं चुकाने की ठान ली और एक सप्ताह से उसे ठिकाने लगाने की फिराक में थे। आरोपी ने बताया कि वारदात के दो दिन पहले मृतक की पिकअप किराए कर सेड़वा के पास बिसासर अपनी बहन के यहां गाय लेकर गया। वहां हत्या की वारदात को अंजाम देने का मौका नहीं मिल पाया।
उसके बाद दूसरे दिन किराए का बहाना बनाकर युवक को बामणोर ले गया। जहां साथ शराब पीने के बाद खाना खाकर सो गए। देर रात आरोपी ने नींद में सो रहे युवक पर धारदार वार कर घायल कर दिया। उसके बाद चाकू से वार कर मौत के घाट उतारा था। आरोपी को पुलिस शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
करवाई मौका तस्दीक
पुलिस मुख्य आरोपी को लेकर घटना स्थल पहुंची। जहां से हत्या के सबूत जुटाए। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। मृतक व आरोपी के बीच तीन साल से दोस्ती थी।