बाड़मेर

CM भजनलाल का बाड़मेर दौरा: सांसद उम्मेदाराम ने उठाए 4 महत्वपूर्ण सवाल, पूछा- क्या लूणी नदी में बढ़ते प्रदूषण को रोकेंगे?

CM Bhajanlal Barmer Visit: CM भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बालोतरा और बाड़मेर जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान रिफाइनरी की प्रगति की समीक्षा करने के साथ मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल का निरीक्षण करने का कार्यक्रम है।
2 min read
• •
Updated: 10 Jan 2025, 12:29 PM IST
CM Bhajanlal and MP Ummedaram Beniwal

CM Bhajanlal Barmer Visit: CM भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बालोतरा और बाड़मेर जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान रिफाइनरी की प्रगति की समीक्षा करने के साथ मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल का निरीक्षण करने का कार्यक्रम है। सीएम के इस दौरे से पहले बाड़मेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने लूणी नदी, रिफाइनरी सहित कई मुद्दों को लेकर सवाल पूछे हैं।

उम्मेदाराम बेनीवाल ने उठाए ये सवाल

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने राजस्थान सरकार के मुखिया भजनलाल जी शर्मा और समानांतर सरकार चला रहे राज्य के मुख्य सचिव एक दिवसीय बालोतरा और बाड़मेर जिले के दौरे पर आ रहे है, सरकारी कार्यक्रमों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकों में हिस्सा लेंगे, मेरी मुख्यमंत्री जी से अपील है कि आप ब्यूरोक्रेसी के भंवर जाल में फंसे हुए हो।

क्या आप भ्रष्ट शासन-प्रशासन की सह पर राजस्थान की मरूगंगा के नाम से विख्यात लूणी नदी जो बालोतरा औद्योगिक ईकाईयों के रासायनिक युक्त दूषित पानी का दंश झेल रही हैं उसका निरीक्षण करके इस नदी के संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए जनता के हित में माननीय उच्च न्यायालय व एनजीटी के आदेशों की अवमानना करने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी या नहीं?

क्रूड ऑयल दोहन क्षेत्र में धुंआ-धुंआ

क्या मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी आप बाड़मेर जिले के क्रूड ऑयल दोहन क्षेत्र में जहरीली गैस व धुंए से प्रदूषित हो रहे वातावरण से स्थानीय जन जीवन का जीना दुर्लभ हो चुका हैं और अपशिष्ट पदार्थों से कृषि कुएं खराब हो रहे हैं उनमें सिंचाई केमिकल युक्त पानी से किसानों के खेत बंजर हो रहे हैं प्रदूषण का दंश झेल रहे उन स्थानीय लोगों और किसानों की समस्या के निस्तारण हेतु उनसे मुलाकात करेंगे?

जोजरी नदी का भी उठाया मुद्दा

बालोतरा जिले के कल्याणपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जोधपुर की औद्योगिक ईकाईयों और जोजरी नदी के प्रदूषित रासायनिक युक्त दूषित पानी से राष्ट्रीय पक्षी मोर, राज्य पशु चिंकारा, राज्य वृक्ष खेजड़ी, राज्य पुष्प रोहिड़ा सहित अन्य वन्य जीव जंतु ही नहीं, पशुधन व आमजन का जीवन खतरे में हैं प्रदूषण व बीमारियों का दंश झेल रहे हैं और साथ ही किसानों के हजारों बीघा जमीन बंजर हो रही हैं क्या ग्रामवासियों के स्थायी समाधान हेतु मुख्यमंत्री जी आप क्षेत्र का दौरा करके उनके दर्द को सुनेंगे?

क्या मुख्यमंत्री जी आप रिफाइनरी में करोड़ों रुपये के सामान की चोरी करवाने वाले कर्णधार अधिकारियों पर कार्रवाई कर उन पर कोई ठोस कदम उठाएंगे या फिर उन भ्रष्ट अधिकारियों की पीठ थपथपाकर निकल जाएंगे?

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज पचपदरा रिफाइनरी पहुचकर पौधारोपण, रिफाइनरी के मॉडल का निरीक्षण करेंगे। रिफाइनरी साइट का विजिट कर कमीशनिंग हेतु नाइट्रोजन प्लांट का उद्घाटन करेगें। इसके बाद वे रिफाइनरी अधिकारियों के साथ रिफाइनरी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करेगें।

Updated on:
10 Jan 2025, 12:29 PM IST
Published on: