पटाऊ खुर्द गांव की घटना
-
बालोतरा. पचपदरा थाना क्षेत्र के पटाऊ खुर्द गांव में बुधवार-गुरुवार मध्य रात्रि में पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते धारदार तलवार से वार कर हत्या कर दी। सूचना पर गुरुवार सुबह पचपदरा पुलिस मौके पर पहुंची तथा मौका मुआयना कर शव को कब्जे में लिया। मृतका के पीहर पक्ष के लोग भी मौके पहुंच गए। एफएसएल टीम ने मौके से खून, कपड़ों, धारदार तलवार समेत अन्य स्थानों से साक्ष्य जुटाए। देर शाम को पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार पटाऊ खुर्द गांव निवासी सोहनसिंह पुत्र धनसिंह राजपूत ने बुधवार-गुरुवार मध्य रात्रि करीब 1.30 बजे धारदार तलवार से वार कर पत्नी दुर्गाकंवर (30) की हत्या कर दी। घटना के संबंध में मृतका के पिता रतनसिंह राजपूत निवासी लूणावास (झंवर, जोधपुर) ने दुर्गा कंवर के पति सोहनसिंह पुत्र धनसिंह, गुमानसिंह पुत्र धनसिंह व धनसिंह राजपूत के विरूद्ध हत्या की रिपोर्ट पुलिस को सौंपी।
हत्या के बाद पहुंचा कारखाने, किया स्नान- पत्नी की तलवार से हत्या के बाद आरोपित पति सोहनसिंह बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में पहुंचा, यहां वह चौकीदार है। यहां पर रात में स्नान कर कपड़े भी धोए। इसके बाद कहीं भागने की फिराक में था,उस दरम्यान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सोती हुई पर किया वार- आरोपित को लम्बे समय से पत्नी से चरित्र पर संदेह था। उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंधों की आशंका थी। इसी के चलते उसने पत्नी को तलवार से वार कर मौत के घाट उतार दिया।
जिस वक्त उसने पत्नी की हत्या की, तब वह मकान की छत पर सो रही थी। संभवतया उसे नींद आने के बाद रात में करीब 1.30 बजे गले पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सात साल पूर्व हुई थी शादी- आरोपित सोहनसिंह की शादी करीब 7 साल पूर्व हुई थी। इसके कोई संतान नहीं है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी संदेह- लोगों के अनुसार सोहनसिंह पत्नी की हत्या के तुरंत बाद ही पचपदरा थाने पहुंच गया, लेकिन वहां पर पुलिसकर्मियों ने उसे टरकाते हुए रवाना कर दिया। इसके बाद वह बालोतरा पहुंचा। पुलिस भी आरोपित के बालोतरा कारखाने जाकर स्नान करने की बात दबी जुबां स्वीकार कर रही है। इससे पूर्व भी बोरावास गांव में लूट की नियत से एक ढ़ाणी में घुसे बदमाश की दौडऩे के दौरान चोट से मौत हो गई। उस दरम्यान भी तत्कालीन थानाधिकारी को मोबाइल से सूचना भी दी गई, लेकिन उन्होंने भी सुबह देखने की बात कहते हुए टरका दिया था।
नहीं किए कॉल रिसीव- पटाऊ खुर्द गांव में महिला हत्या के बाद पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु जांगिड़ को पत्रिका संवाददाता ने कई बार कॉल किए ,लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किए। इसके बाद आरोपित के रात में थाने पहुंचने की जानकारी पर फिर से बात करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया।
मेरी जानकारी में नहीं - रात में ड्यूटी ऑफिसर की ड्यूटी मेरी थी, लेकिन मैं 11 बजे स्टाफ के साथ गश्त पर निकल गया था। पीछे थाने में संतरी था। अगर कोई आया है तो मेरी जानकारी में नहीं है। - सुरतानसिंह सोढ़ा, हैड कांस्टेबल पुलिस थाना पचपदरा
थाने आने की नहीं जानकारी-आरोपित के रात में थाने आने की जानकारी नहीं है। आरोपित हत्या के तुरंत बाद बालोतरा के कारखाने में जरूर गया था, वहां उसने स्नान की। - हरचंदराम देवासी, थानाधिकारी पचपदरा