बाड़मेर

Rajasthan Crime: जमीन बेचकर छोटे बेटे के नाम मुरबा खरीदने से था नाराज, रिश्तेदारों के साथ मिलकर पिता की हत्या, आरोपी अरेस्ट

Barmer Father Murder Case: जमीन विवाद के चलते पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुत्र अपने पिता द्वारा जमीन बेचकर जैसलमेर में मुरबा खरीदकर छोटे बेटे के नाम करने से नाराज था।
2 min read
Jul 12, 2026
Barmer Father Murder Case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी दिलीप, रेखाराम और किशन। फोटो: पत्रिका

बाड़मेर। सदर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुत्र अपने पिता द्वारा जमीन बेचकर जैसलमेर में मुरबा खरीदकर छोटे बेटे के नाम करने से नाराज था। इसी रंजिश में उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद शनिवार रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बाड़मेर सदर थाना इलाके शोभाला जैतमाल की है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

बाड़मेर जिला पुलिस अधीक्षक चुनारामजाट ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश और आर्य वृत्ताधिकारी रमेश शर्मा के सुपरविजन में सदर थाना पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपी रेखाराम (33) निवासी शोभाला जेतमाल, दिलीप (20) निवासी कुडला तथा किशन (21) निवासी असाड़ा की बेरी को गिरफ्तार किया।

बड़े भाई ने लगाए थे गंभीर आरोप

मृतक के बड़े बेटे ने आरोप लगाया कि उसके छोटे भाई ने अपने साले और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके पिता की हत्या कर दी। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद आईसीयू के बाहर परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।

रेखाराम ने ही साथियों के साथ मिलकर किया था ​हमला

पुलिस के अनुसार परिवादी रूपाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 जुलाई की रात करीब 11.45 बजे उसके पिता रावताराम घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी रेखाराम अपने साथियों के साथ धारदार हथियार और लाठियां लेकर पहुंचा तथा रावताराम पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव आए परिवार के अन्य सदस्य के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल रावताराम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आरोपी बेटे ने कबूला गुनाह

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी रेखाराम ने जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश के चलते वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है।

Updated on:
12 Jul 2026 01:49 pm
Published on:
12 Jul 2026 01:49 pm