शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। भजन गायक छोटू सिंह रावणा की रिपोर्ट पर रविंद्र सिंह भाटी और 5 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
बाड़मेर। शिव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जिले की राजनीति और सामाजिक माहौल गरमा गया है। भजन गायक छोटू सिंह रावणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने विधायक भाटी सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने आरोप लगाया कि विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने उन्हें फोन पर धमकी दी और अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की बात कही। इस आरोप के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया और क्षेत्र में राजनीतिक व सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के सामने आने के बाद रावणा राजपूत समाज भी सक्रिय हो गया है। समाज के लोगों ने भजन गायक छोटू सिंह के समर्थन में आवाज उठाते हुए उनकी सुरक्षा की मांग की है। इसको लेकर कई स्थानों पर विरोध और प्रदर्शन भी देखने को मिले। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस विवाद की पृष्ठभूमि में बुधवार को एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। भजन गायक छोटू सिंह रावणा बाड़मेर शहर से सैकड़ों समर्थकों और लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ शिव की ओर रवाना हुए। सड़क पर लंबी गाड़ियों की कतार देखकर ऐसा लग रहा था मानो कोई बड़ी राजनीतिक रैली निकल रही हो। काफिले में एसयूवी वाहनों और मोटरसाइकिलों पर बड़ी संख्या में समर्थक शामिल थे।
इस दौरान काफिले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें समर्थकों की भारी भीड़ और गाड़ियों का लंबा काफिला दिखाई दे रहा है। इसे विधायक रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ एक तरह का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जा रहा है। वहीं इस विवाद ने पश्चिमी राजस्थान की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।