बाड़मेर शहर और सिवाना क्षेत्र में बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। जान बचाने के लिए व्यापारी पास की दुकान में घुस गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Barmer firing: बाड़मेर शहर के रीको थाना क्षेत्र में सेंट स्कूल रोड बाइपास पर बुधवार की रात करीब नौ बजे मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। उसकी गाड़ी के कांच में एक गोली लगी। जबकि उसने दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई। दो राउंड फायर करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
पुलिस वृत्ताधिकारी रमेशकुमार शर्मा ने बताया कि स्थानीय निवासी अर्जुनराम बुधवार की रात बोलेरो कैंपर से रीको थाना क्षेत्र में सेंट पॉल स्कूल रोड बाइपास के पास दुकान पर आया था। यहां वह सामान उतार रहा था।
इस दौरान एक बाइक पर दो अज्ञात नकाबपोश युवक आए और दो राउंड फायर किए। एक गोली बोलेरो गाड़ी के कांच में लगा। फायरिंग होते ही अर्जुनराम ने दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई। फायर करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वृत्ताधिकारी रमेशकुमार शर्मा और रीको थानाधिकारी भंवरलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना भी यहां पहुंच गए और अन्य थानों से भी जाब्ता मौके पर बुलवाया गया।
पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर पीड़ित से जानकारी ली। इसके साथ शहर और जिलेभर में नाकाबंदी करवाई है। अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए गए। साथ ही आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की डिटेल लेकर जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मामला किसी भूमि विवाद से जुड़ा हो सकता है। पुलिस की ओर से हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों के भागने की दिशा में टीमें रवाना की गई हैं। पूरे जिले में ए श्रेणी की हथियारबंद नाकाबंदी करवाई गई है।
अज्ञात हमलावरों ने व्यापारी पर फायरिंग की है। इस संबंध में पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है।
-रमेश कुमार शर्मा, वृत्ताधिकारी, बाड़मेर
सिवाना कस्बे में बुधवार शाम को गांधी चौक के पास ज्वेलर्स की दुकान से घर लौट रहे पिता-पुत्र पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर फायरिंग कर दी। हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी और ज्वेलर पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। लेकिन इस वारदात से पूरे बाजार में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी करवाई।
जानकारी के अनुसार, सिवाना निवासी ज्वेलर सुरेश सोनी पुत्र कृपाराम सोनी और उनके बेटे आदित्य सोनी शाम को अपने प्रतिष्ठान से मोटरसाइकिल पर चौधरियों की वास स्थित अपने घर लौट रहे थे।
गांधी चौक से कुछ ही दूर पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनते ही सुरेश सोनी व आदित्य सोनी सहम गए। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन तीनों बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की इस घटना से गांधी चौक और सदर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से जिलेभर में नाकाबंदी करवाई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश देती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इन घटनाओं ने रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बदमाशों पर लगाम लगाने की मांग की है।