
Photo- AI Generated
Balotra News: बालोतरा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में विभागीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले के सभी विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलक्टर ने राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृतियों और स्थापना कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
मंगला पशु बीमा योजना में पशुपालकों को बीमा सुरक्षा से जोड़ने और पशुधन हानि की स्थिति में त्वरित क्लेम निस्तारण करने को कहा गया। मानसून सत्र को देखते हुए जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कार्य समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। कुसुम योजना के अंतर्गत कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा लाडो प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों और भुगतान प्रगति की भी समीक्षा की गई।
एडीएम भुवनेश्वर सिंह चौहान ने सतर्कता प्रकरणों और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परिवेदनाओं के निस्तारण में परिवादी की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए तथा 10 दिवस में राहत देने का प्रयास किया जाए। इसी क्रम में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.0 के तृतीय चरण की कार्ययोजना को अनुमोदन प्रदान किया गया।
जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता घनश्याम सिंह राठौड़ ने बताया कि बालोतरा जिले की चयनित 27 ग्राम पंचायतों के 85 गांवों में कुल 59,075 हेक्टेयर क्षेत्र में 5732 जल संरक्षण कार्य किए जाएंगे, जिन पर 161.66 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कलक्टर ने जल संरक्षण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने तथा जनभागीदारी के साथ अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए।
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भी जल संरक्षण कार्यों को धरातल पर उतारने और अधिकतम पक्के निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Updated on:
18 Feb 2026 04:37 pm
Published on:
18 Feb 2026 04:36 pm
