
-
गडरारोड. पनेला गांव के एक परिवार में बात इतनी सी थी कि बुधवार को पीहर नहीं जाना है। इसको लेकर कहासुनी के बाद खेत में काम करने गए दंपती एक ही रस्सी से फंदा लगाकर झूल गए। शादी को छह माह हुए थे।
जानकारी के अनुसार पनेला निवासी रावताराम पुत्र आलमराम और उसकी पत्नी सिरसा घर से खेत जाने के लिए रवाना हुए। वे खेत पहुंचे और दोपहर में जाळ के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगा आत्महत्या कर दी। दोनों को लटकते देखा तो पास के खेत में कार्य कर रहे बच्चे उनके घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इस पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों की छह माह पूर्व ही शादी हुई थी। सिरसा का पीहर रबासर में है।
यह आई बात सामने
जानकारी के अनुसार वह बुधवार को पति के साथ पीहर जाना चाहती थी, जिसके लिए वह तैयार हुई थी। घरवालों ने बुधवार होने पर मना किया और गुरुवार को जाने को कहा। इस बात को लेकर हुई मामूली कहासुनी बाद दोनों खेत गए और यहां रस्सी से फंदा लगाकर झूल गए। सूचना मिलने गडरारोड पुलिस व चौहटन डिप्टी सुरेन्द्र प्रजापत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिरसा के पीहर पक्ष को सूचना दी। शाम होने पर शवों को गडरारोड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में
रखा गया, गुरुवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इधर,मालगाड़ी की चपेट से युवक गंभीर घायल
समदड़ी स्टेशन.
्रस्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया । जीआरपी चौकी प्रभारी गोपालसिंह शेखावत ने बताया कि मुकेश (32) पुत्र अचलाराम मेघवाल निवासी समदड़ी स्टेशन, जो सुबह 5.30 बजे शौचनिवृति के बाद स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की बोगी के नीचे से रेल ट्रैक पार कर रहा था। इस दौरान अचानक मालगाड़ी रवाना हो गई, जिससे उसका एक हाथ व पैर कट गया । गम्भीर घायल युवक को जीआरपी के जवानों ने समदड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार बाद जोधपुर रैफर किया।