बाड़मेर

श्रमिकों संग धरने पर बैठे MLA रविंद्र सिंह भाटी, बोले- हक की लड़ाई में साथ, समाधान नहीं हुआ तो बिगड़ेंगे हालात

विधायक रविंद्र सिंह भाटी गिरल लिग्नाइट माइंस गेट पर 25 दिन से चल रहे श्रमिक धरने में पहुंचे। उन्होंने 8 घंटे ड्यूटी, उचित वेतन, बोनस व स्थानीय रोजगार की मांगों का समर्थन किया और प्रबंधन पर अनदेखी का आरोप लगाया।
less than 1 minute read
• •
May 06, 2026
MLA Ravindra Singh Bhati
श्रमिकों संग धरने पर बैठे विधायक रविंद्र सिंह भाटी (पत्रिका फोटो)

शिव/बाड़मेर: शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी मंगलवार को गिरल लिग्नाइट माइंस के मुख्य गेट चल रहे श्रमिकों के धरना स्थल पर पहुंचे। पिछले 25 दिन से जारी धरने में शामिल होकर उन्होंने मांगों का समर्थन किया।

बता दें कि विधायक भाटी ने श्रमिकों की समस्याओं को सुनते हुए कहा कि यह केवल मजदूरी का मुद्दा नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के सम्मान, अधिकार और भविष्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर जिन लोगों की जमीन ली गई, आज उन्हीं परिवारों को रोजगार और अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

स्थानीय श्रमिकों को हटाना अन्यायपूर्ण

विधायक ने कहा कि वर्षों से कार्यरत स्थानीय श्रमिकों और सुरक्षा कर्मियों को हटाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन परिवारों का जीवन इस रोजगार पर निर्भर है, उनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा।

उन्होंने प्रबंधन पर स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि श्रमिकों की जायज मांगों को दबाया नहीं जा सकता। भाटी ने श्रमिकों की 8 घंटे ड्यूटी, उचित वेतन, बोनस, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और मूलभूत सुविधाओं जैसी मांगों को कानून सम्मत बताया। उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक की मांग कर रहे हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

सुरक्षा मानकों पर सवाल

उन्होंने खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए तथा प्रशासन को चेताया कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है। साथ ही श्रमिकों से आंदोलन शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की।

न्याय नहीं मिलने तक संघर्ष रहेगा जारी

विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक श्रमिकों को न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा। मिरल लिग्नाइट रमाईस फिलहाल धरना लगातार जारी है और विधायक रविंद्र सिंह भाटी के समर्थन से आंदोलन को निर्णायक मोड़ मिलता दिखाई दे रहा है।

Updated on:
06 May 2026 08:21 am
Published on:
06 May 2026 08:21 am