Balotra News: सिविल डिफेंस और स्थानीय तैराक रस्सियों की सहायता से नदी में उतरे और करीब 20 मिनट के प्रयास के बाद दंपती को बाहर निकाला। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
Balotra News: बालोतरा जिले के जसोल थाना क्षेत्र में शनिवार को लूणी नदी की रपट पार करने के दौरान बाइक सवार दंपती नदी में बह गए। सिविल डिफेंस और स्थानीय तैराकों की टीम ने दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर बालोतरा एसडीएम अशोक कुमार और डीएसपी सुशील मान सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि दुर्घटना में सरली सांजटा निवासी लालाराम सेन (34) पुत्र हजारीराम व उनकी पत्नी देवु देवी (30) की मौत हो गई। दुर्घटना का कारण पानी बहाव के चलते मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।
आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और सिविल डिफेंस को सूचना दी। सिविल डिफेंस और स्थानीय तैराक रस्सियों की सहायता से नदी में उतरे और करीब 20 मिनट के प्रयास के बाद दंपती को बाहर निकाला। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, तेज बहाव के कारण बाइक को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और क्रेन की मदद से बाहर लाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महज एक महीने पहले 28 अगस्त को भी इसी जगह पर बोलेरो सवार छह लोग बह गए थे, जिनमें एक आठ महीने का बच्चा भी शामिल था। उसका शव अब तक बरामद नहीं हो सका। शनिवार को फिर दो लोगों की मौत हो जाने से लोगों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रपट के दोनों छोर पर केवल झाड़ियां डालकर रास्ता बंद किया गया है, जिसके कारण लोग झाड़ियों के पास से होकर गुजरते हैं। यहां पुलिसकर्मी तैनात नहीं किए जाने से बार-बार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन की ओर से रपट पर ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से लोगों की जान पर हमेशा खतरा बना रहता है।