बाड़मेर

Rajasthan Train Accident: रेलवे लाइन पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई जोधपुर-चेन्नई एक्सप्रेस, उड़े परखच्चे

राजस्थान के बलोतरा जिले में सोमवार को बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेल लाइन पर खड़े ट्रैक्टर से जोधपुर-चेन्नई एक्सप्रेस की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। रेल लाइन पर लंबे समय से दोहरीकरण का काम चल रहा है।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 6:41 PM IST
balotra train accident
Balotra: जोधपुर-चेन्नई एक्सप्रेस की ट्रैक्टर से टक्कर (फोटो-पत्रिका)

बालोतरा। जोधपुर-समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग पर रेलवे स्टेशन अजीत के समीप सोमवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। जोधपुर से चेन्नई जा रही चेन्नई एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रेलगाड़ी के इंजन की एक बैटरी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कोचों पर भी मामूली खरोंचें आईं। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बैटरी ठीक करने और आवश्यक कार्रवाई के चलते रेलगाड़ी करीब आधे घंटे तक मार्ग में खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार, भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अजीत रेलवे स्टेशन से होकर गुजरी। स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर आगे रेललाइन पर खड़े ट्रैक्टर से ट्रेन की टक्कर हो गई। ट्रेन चालक ने रेलगाड़ी रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रेन ट्रैक्टर को चपेट में ले चुकी थी। टक्कर से ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बिखर गया। वहीं, इंजन की एक बैटरी भी खराब हो गई। चालक और अन्य कर्मचारियों ने बैटरी को ठीक किया। इसके बाद रेलगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया।

दोहरीकरण कार्य के दौरान पटरी में फंसा ट्रैक्टर

जानकारी के अनुसार, लूणी से भीलड़ी रेलमार्ग पर एक वर्ष से अधिक समय से दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। सोमवार सुबह ठेकेदार का एक कर्मचारी रेलवे लाइन के समीप निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर पटरी में फंस गया। दूसरी ओर से ट्रेन को आता देखकर कर्मचारी ट्रैक्टर छोड़कर मौके से दूर चला गया। इससे उसकी जान बच गई।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं होने से राहत रही। वहीं, ग्रामीणों ने ट्रेन में रेलवे पुलिस के जवानों की मौजूदगी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि हादसे में कोई घायल हो जाता तो उसे संभालने और नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती थी।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
26 Oct 2026, 6:41 PM IST
Published on: