बाड़मेर

Pachpadra Refinery Fire : एचपीसीएल का बड़ा बयान, पचपदरा रिफाइनरी की सभी इकाइयां सुरक्षित

Pachpadra Refinery Fire : राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को भीषण आग लगने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। एचपीसीएल ने बयान जारी कर कहा कि पचपदरा रिफाइनरी की सभी इकाइयां संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और अन्य हिस्सों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

2 min read
Rajasthan Pachpadra Refinery Fire HPCL big statement all units safe CM Bhajanlal will visit Balotra Refinery today
फोटो पत्रिका

Pachpadra Refinery Fire : राजस्थान के बालोतरा जिले में स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को भीषण आग लगने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। आग की घटना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का आज मंगलवार को होने वाला दौरा स्थगित कर दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उधर एचपीसीएल ने बयान जारी कर कहा कि सभी इकाइयां संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और अन्य हिस्सों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

सभी इकाइयां सुरक्षित : एचपीसीएल

एचपीसीएल ने बयान जारी कर कहा कि पचपदरा स्थित रिफाइनरी परिसर के कूड डिस्टिलेशन यूनिट सेक्शन में आग लगी थी। प्रारंभिक जांच में हीट एक्सचेंजर सर्किट के एक वाल्व फ्लैंज से हाइड्रोकार्बन रिसाव को कारण माना जा रहा है। आग हीट एक्सचेंजर स्टैंक तक सीमित रही। सीडीयू, वीडीयू और अन्य इकाइयों को तुरंत अलग कर दिया गया था। सभी इकाइयां संरचनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और अन्य हिस्सों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञ टीम करेगी जांच

बताया जा रहा है कि पचपदरा रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) सेक्शन में भीषण आग लगी थी। पर रेस्क्यू टीम ने तेजी से आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि हीट एक्सचेंजर सर्किट के एक वाल्व/फ्लैंज से हाइड्रोकार्बन का रिसाव होने के कारण यह आग लगी। लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। HPCL ने कहा है कि, इस आग के कारणों और यूनिट पर इसके प्रभाव का आकलन आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जा रहा है।

सीएम ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रिफाइनरी में आग लगने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से वार्ता कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है। सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पचपदरा रिफाइनरी का आज दौरा करेंगे सीएम भजनलाल

नई सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बाड़मेर दौरे पर रहेंगे, जहां वे पचपदरा स्थित HPCL राजस्थान रिफाइनरी में लगी आग की घटना का निरीक्षण करेंगे। वे सुबह 11 बजे जयपुर से रवाना होकर 12.35 बजे रिफाइनरी पहुंचेंगे। क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आगजनी स्थल का जायजा लेंगे।

Updated on:
21 Apr 2026 02:47 pm
Published on:
21 Apr 2026 08:55 am