बाड़मेर

राजस्थान में Uttarlai Airport का काम जल्द, एक सप्ताह में किसानों को मिलेगा मुआवजा

Uttarlai Airport Update : राजस्थान में उत्तरलाई एयरपोर्ट के लिए जिन किसानों की जमीन का अधिग्रहण हुआ है, इस सप्ताह ही मुआवजे की राशि उनके खातों में जमा करा दी जाएगी।

2 min read
Rajasthan Uttarlai Airport Work soon farmers receive compensation and funds will be released
Uttarlai Airport Update : फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan Uttarlai Airport Project : पश्चिमी राजस्थान के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित उत्तरलाई एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को आखिरकार नई उड़ान मिल गई है। करीब छह वर्षों से फाइलों और प्रक्रियाओं में उलझी परियोजना अब धरातल पर उतरने की ओर बढ़ चुकी है। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण की राशि जारी कर दी है और इसी सप्ताह किसानों को अवार्ड जारी होने के साथ मुआवजा उनके खातों में जमा कराया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे पर करीब 9 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सरकार ने पहले चरण में करीब 5 करोड़ रुपए बाड़मेर उपखंड प्रशासन को उपलब्ध करा दिए हैं। प्रशासन को एक सप्ताह के भीतर अवार्ड जारी कर भुगतान प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद भूमि एयरपोर्ट के लिए काम आएगी।

428 खातेदारों की जमीन अधिग्रहित

नागरिक उड्डयन विभाग ने सात माह पूर्व उत्तरलाई हवाई अड्‌डे पर सिविल एन्क्लेव और एप्रोच रोड निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की थी। परियोजना के लिए चकलाणी, बेरीवाला और लालाणियों की ढाणी क्षेत्र में स्थित 62.96 एकड़ निजी खातेदारी भूमि अधिग्रहित की गई है। इस प्रक्रिया में 428 खातेदार प्रभावित हुए हैं, जिन्हें अब मुआवजा राशि दी जाएगी।

वर्ष 2019 में हुई थी उत्तरलाई एयरपोर्ट की घोषणा, करना पड़ा लंबा इंतजार

उत्तरलाई एयरपोर्ट की घोषणा वर्ष 2019 में केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत हुई थी। शुरुआत में शहरी सुधार न्यास (यूआईटी) ने एयरफोर्स स्टेशन के समीप भूमि उपलब्ध करवाई, लेकिन निर्माण एजेंसी ने इसे अपर्याप्त मानते हुए असहमति जता दी। इसके बाद परियोजना वर्षों तक राजनीतिक और प्रशासनिक कारणों से अटकी रही। राजस्थान में सरकार बदलने के बाद मामला फिर गति पकड़ता गया। नई भूमि पर सहमति बनी, सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट पूरा हुआ, रिपोर्ट को मंजूरी मिली और अधिसूचना जारी होने के बाद अब अंतिम चरण में अवार्ड जारी किए जा रहे हैं।

बाड़मेर की तस्वीर बदलने की उम्मीद, मिलेगा बड़ा लाभ

एयरपोर्ट शुरू होने से बाड़मेर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। जिले के तेल एवं गैस क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख कंपनियों ने यात्री भार का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा वहन करने की सहमति पहले ही दे रखी है। इसके अलावा सेना, बीएसएफ, एयरफोर्स, उद्योग जगत और आम नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

हवाई सेवा शुरू होने से बाड़मेर की देश के प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे निवेश, औद्योगिक गतिविधियों, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा सीमावर्ती जिले को विकास की नई रफ्तार मिलेगी।

भूमि अवाप्ति की सम्पूर्ण प्रक्रिया पूरी

एयरपोर्ट के लिए भूमि अवाप्ति की सम्पूर्ण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राशि भी प्राप्त हो चुकी है। अब जल्द ही अवार्ड जारी कर किसानों को भुगतान किया जाएगा।
राजेंद्र सिंह चांदावत, अतिरिक्त जिला कलक्टर, बाड़मेर

Updated on:
15 Jun 2026 01:56 pm
Published on:
15 Jun 2026 01:41 pm