बाड़मेर

राजस्थान की धापू चौधरी: दो बच्चों की मां ने जीता गोल्ड मेडल, जानें फ्रैक्चर, संघर्ष और जीत की कहानी

Success Story : बालोतरा जिले के गिड़ा क्षेत्र की बेटी धापू चौधरी ने राज्य स्तरीय एमटीबी ट्रायल साइक्लिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने गांव जाखड़ा बल्कि पूरे गिड़ा क्षेत्र और राजस्थान का नाम रोशन किया है।

2 min read
Feb 04, 2026
धापू चौधरी ने जीता गोल्ड मेडल: फोटो पत्रिका

बालोतरा। जिले के गिड़ा क्षेत्र की बेटी धापू चौधरी ने राज्य स्तरीय एमटीबी ट्रायल साइक्लिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने गांव जाखड़ा बल्कि पूरे गिड़ा क्षेत्र और राजस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 2 फरवरी से जयपुर के छप्पर चौराहे से प्रारंभ होकर रामपुरा गोनेर गांव के पास से होते हुए ऊबड़-खाबड़ मार्गों से गुजरते हुए जयपुर में संपन्न हुई।

प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 200 से अधिक साइक्लिस्टों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच धापू चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने वीमेन एलीट यू-23 वर्ग की 20 किलोमीटर रेस में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन आगामी राष्ट्रीय एमटीबी साइक्लिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो 12 से 15 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में धापू राजस्थान टीम का नेतृत्व करेंगी।

ये भी पढ़ें

Influencer Success Story: टाइमपास से ट्रेंडसेटर तक, राजस्थान के लक्ष्य कुमावत ने कंटेंट से ऐसे बदली किस्मत

चोट के बाद भी नहीं मानी हार

धापू की यह सफलता इसलिए भी खास है कि वे दो बच्चों की मां हैं। घर-गृहस्थी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने साइक्लिंग के अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया। वे न केवल खुद नियमित अभ्यास करती रही, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी प्रशिक्षण देती रही। उनकी देखरेख में तैयार कई छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

बीते वर्ष साइक्लिंग के दौरान गिरने से धापू के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पूरी तरह स्वस्थ होते ही वे फिर से अभ्यास में जुट गईं। पिता नैनाराम और पति ईश्वरलाल के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से उन्होंने कठिन परिस्थितियों को मात दी और राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर यह साबित किया कि मजबूत जज्बा हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।

पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुकी दमखम

धापू इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दमखम दिखा चुकी हैं। वर्ष 2024 में बीकानेर में आयोजित एमटीबी साइक्लिंग प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। अब तक वे चार बार राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और हर बार उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उनकी सफलता के पीछे कोच खेताराम की मेहनत और मार्गदर्शन की भूमिका रही है। वहीं छात्राओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए बायतु विधायक हरीश चौधरी ने खोखसर विद्यालय को लगभग 20 लाख रुपए की आधुनिक साइकिलें भेंट की। आज इसी पहल का परिणाम है कि क्षेत्र की तीन छात्राओं ने अलग-अलग इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

ये भी पढ़ें

जयपुर के गिरीश मेहता और अनीषा शर्मा फोर्ब्स 30 अंडर 30 में शामिल, स्टार्टअप से देश के हजारों युवाओं की बदल रहे जिंदगी

Published on:
04 Feb 2026 02:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर