Rajasthan Six Lane Road: वित्त मंत्री दिया कुमारी ने जमवारामगढ़ विधानसभा की लाइफलाइन सड़क दिल्ली रोड सड़वा से नाई की थड़ी होते हुए वाया सायपुरा व जमवारामगढ़ होते हुए रामगढ़ बांध तक (एसएच-55) सड़क चौड़ाईकरण व नवीनीकरण कार्य करवाने की घोषणा की।
जमवारामगढ़ (जयपुर)। राजस्थान विधानसभा में बजट पर चर्चा के बाद उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने सदन में जवाब देते हुए महत्वपूर्ण घोषणाए कीं। बजट चर्चा के उत्तर में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने जमवारामगढ़ विधानसभा की लाइफलाइन सड़क दिल्ली रोड सड़वा से नाई की थड़ी होते हुए वाया सायपुरा व जमवारामगढ़ होते हुए रामगढ़ बांध तक (एसएच-55) सड़क चौड़ाईकरण व नवीनीकरण कार्य करवाने की घोषणा की।
सड़क का चौड़ाईकरण व नवीनीकरण कार्य मंजूर होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। बजट चर्चा का उत्तर आने से पहले जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख मांगों को बजट में शामिल करने का आग्रह किया था।
इसके अतिरिक्त बजट में पावटा-बामनवास, गोल-थौलाई-तेजाजी मंदिर तक, नांगल तुलसीदास-पाली, आरवाडी डयोडा डूंगर, काछाला भैरूजी कुंचावास, लाडीपुरा- ढेकला, माथासूला राव, फूटोलाव-खारडा, बहलोड गुर्जर, बोहरा पंखा मोड सायपुर, धौला माली की ढाणी, भोंडाखेडा, पालेडा सायपुरा-नाडी की ढाणी व दिल्ली की ढाणी तथा डालुका बाढ़ तक सड़क निर्माण के लिए सात करोड़ की घोषणा की गई है।
सड़क स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी, क्योंकि यह मार्ग पर्यटन एवं स्थानीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सड़वा मोड़ से रामगढ़ बांध तक फोरलेन का चौडाईकरण कार्य मंजूर होने से यह सड़क सिक्सलेन में तब्दील हो जाएगा। इससे जमवारामगढ़ का विकास ओर तेजी से होगा।
महेंद्र पाल मीना, विधायक, जमवारामगढ़